छत्तीसगढ़

महानदी तट पर पहली बार गूंजी गंगा आरती, 20 करोड़ से दिव्य बनेगा रुद्रेश्वर धाम

सावन के पहले सोमवार को 108 दीपों, शंखनाद और वैदिक मंत्रों से सजी अलौकिक आरती | तीन चरणों में होगा मंदिर परिसर का कायाकल्प, धार्मिक पर्यटन को मिलेगी नई पहचान

रायपुर/धमतरी। सावन के पहले सोमवार की संध्या धमतरी स्थित चित्रोत्पला महानदी का तट आस्था, संस्कृति और अध्यात्म का अद्भुत संगम बन गया। बनारस की तर्ज पर पहली बार आयोजित भव्य ‘महानदी गंगा आरती’ में 108 दीपों की स्वर्णिम आभा, शंखनाद, वैदिक मंत्रोच्चार और घंटियों की गूंज से पूरा रुद्री घाट भक्तिमय वातावरण में डूब गया। धमतरी युवा ब्रिगेड और श्री रुद्रेश्वर महादेव परिवार के संयुक्त प्रयास से आयोजित इस ऐतिहासिक आयोजन ने नगर की सांस्कृतिक चेतना को नई पहचान दी। अब सावन के प्रत्येक सोमवार को महानदी तट पर नियमित रूप से गंगा आरती का आयोजन किया जाएगा।

आस्था के इस महापर्व के बीच धमतरीवासियों को एक और बड़ी सौगात मिली है। प्रदेश सरकार के संस्कृति एवं पर्यटन विभाग ने प्राचीन रुद्रेश्वर महादेव मंदिर परिसर के समग्र विकास के लिए 20 करोड़ रुपये की महत्वाकांक्षी योजना पर कार्य शुरू करने का संकल्प लिया है। इस परियोजना के तहत रुद्रेश्वर धाम को आधुनिक सुविधाओं से युक्त, पर्यावरण-अनुकूल धार्मिक एवं सांस्कृतिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा, जिससे छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक धरोहर को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी।

तीन चरणों में बदलेगा रुद्रेश्वर धाम का स्वरूप

तैयार किए गए मास्टर प्लान में प्राचीन भारतीय स्थापत्य कला और आधुनिक जनसुविधाओं का संतुलित समावेश किया गया है। मंदिर की पारंपरिक वास्तुकला को सुरक्षित रखते हुए भव्य मुख्य प्रवेश द्वार, आकर्षक शिखर, तोरण द्वार, दीप स्तंभ तथा विशाल नंदी प्रतिमा का निर्माण किया जाएगा।

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए चौड़े पैदल मार्ग, विश्राम गृह, प्रसाद एवं स्मृति केंद्र, फूड कोर्ट, सुरक्षित घाट तथा डिजिटल सूचना प्रणाली विकसित की जाएगी। स्वास्थ्य सुविधाओं के साथ कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) आधारित हेल्थ कियोस्क भी स्थापित किए जाएंगे।

परिसर में सुंदर उद्यान, सांस्कृतिक मंडप, रिवर फ्रंट कॉटेज, ओपन एयर स्टेज तथा भविष्य में ‘मैरीन ड्राइव’ की तर्ज पर आकर्षक नदी तट विकसित किया जाएगा। वहीं पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए सौर ऊर्जा आधारित पार्किंग, ईवी चार्जिंग स्टेशन, वर्षा जल संचयन तथा वैज्ञानिक कचरा प्रबंधन जैसी आधुनिक व्यवस्थाएं भी लागू की जाएंगी।

धार्मिक पर्यटन के साथ रोजगार को भी मिलेगा बढ़ावा

महानदी गंगा आरती के शुभारंभ कार्यक्रम में विधायक ओंकार साहू, महापौर जगदीश रामू रोहरा, कलेक्टर, पूर्व विधायक रंजना साहू सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। आयोजन को धमतरी के सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

महानदी तट पर नियमित गंगा आरती और रुद्रेश्वर धाम के व्यापक विकास से न केवल धार्मिक पर्यटन को नई गति मिलेगी, बल्कि स्थानीय व्यापार, रोजगार, जनसहभागिता और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूत आधार मिलने की उम्मीद है।

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़ पक्ष पर विपक्ष पर हर एक पक्ष पर निष्पक्ष बेबाक एवं धारदार पत्रकारिता के लिए संकल्पित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page