क्राइम

फर्जी इंस्टाग्राम आईडी से महिला को ब्लैकमेल करने वाला दबोचा

फोटो एडिट कर वायरल करने की देता था धमकी, अश्लील संदेश भेजकर बना रहा था मानसिक दबाव; नारायणपुर पुलिस की साइबर कार्रवाई में बालोद से गिरफ्तार

नारायणपुर। सोशल मीडिया के जरिए महिला को ब्लैकमेल करने वाले साइबर अपराधी को नारायणपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने महिला की तस्वीरों का दुरुपयोग कर फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाई, अश्लील संदेश भेजे और फोटो एडिट कर सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार पीड़िता ने थाना नारायणपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात व्यक्ति ने उसकी तस्वीरों का इस्तेमाल कर फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट बनाया है। आरोपी लगातार अश्लील संदेश भेज रहा था और तस्वीरों को एडिट कर सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल कर रहा था। शिकायत के आधार पर थाना नारायणपुर में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 79 तथा आईटी एक्ट की धारा 67(क) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

तकनीकी जांच से खुली आरोपी की पहचान

पुलिस अधीक्षक संदीप पटेल के निर्देशन में थाना नारायणपुर और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने सोशल मीडिया अकाउंट, मोबाइल नंबर और अन्य डिजिटल साक्ष्यों का तकनीकी विश्लेषण किया। जांच में आरोपी की पहचान सुलेंद्र कुमार भूआर्य (32 वर्ष), निवासी ग्राम पीपरखार, थाना देवरी, जिला बालोद के रूप में हुई।

इसके बाद पुलिस टीम ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर महिला को अश्लील संदेश भेजने, उसकी तस्वीरों का दुरुपयोग करने और वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने का अपराध स्वीकार कर लिया।

मोबाइल फोन जब्त, भेजा गया जेल

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन जब्त कर लिया। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

साइबर अपराध पर सख्त निगरानी

पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का दुरुपयोग कर महिलाओं को ब्लैकमेल करने और साइबर अपराध करने वालों के खिलाफ लगातार निगरानी रखी जा रही है। ऐसे मामलों में तकनीकी जांच के आधार पर आरोपियों तक पहुंचकर त्वरित कार्रवाई की जा रही है।

सोशल मीडिया पर रखें ये सावधानियां

  • अपनी निजी तस्वीरें और व्यक्तिगत जानकारी सार्वजनिक प्लेटफॉर्म पर साझा करने से बचें।
  • किसी भी संदिग्ध या फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल की तुरंत शिकायत करें।
  • अनजान व्यक्तियों के संदेश या लिंक पर प्रतिक्रिया देने से बचें।
  • यदि कोई ब्लैकमेल करे या अश्लील संदेश भेजे तो साक्ष्य सुरक्षित रखें।
  • तत्काल निकटतम थाना, साइबर सेल या राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।

“तकनीक से किया अपराध… तकनीक ने ही पहुंचाया सलाखों के पीछे।”

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़ पक्ष पर विपक्ष पर हर एक पक्ष पर निष्पक्ष बेबाक एवं धारदार पत्रकारिता के लिए संकल्पित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page