नारायणपुर

‘नक्सलवाद के बाद अब भरोसे की होगी नई पुलिसिंग’

नवनियुक्त एसपी संदीप पटेल की पहली बड़ी समीक्षा बैठक, थाना प्रभारियों से बोले— गांव-गांव पहुंचें, जनता का विश्वास जीतें, शिकायतों का समयबद्ध निराकरण करें

(कैलाश सोनी) नारायणपुर। नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक संदीप पटेल (भा.पु.से.) ने जिले की कमान संभालते ही पुलिसिंग की नई दिशा तय कर दी है। गुरुवार को जिले के सभी थाना प्रभारियों और राजपत्रित अधिकारियों की पहली समीक्षा बैठक में उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया कि नक्सलवाद से उबर रहे नारायणपुर में अब पुलिस की सबसे बड़ी जिम्मेदारी आम जनता का विश्वास जीतना है। उन्होंने थाना प्रभारियों को गांव-गांव पहुंचकर लोगों से संवाद बढ़ाने, उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करने और विश्वास आधारित पुलिसिंग को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

बैठक में पुलिस अधीक्षक ने जिले की कानून-व्यवस्था, नक्सल गतिविधियों, अपराध नियंत्रण और पुलिसिंग व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा करते हुए प्रत्येक थाना प्रभारी से उनके क्षेत्र की स्थिति की जानकारी ली।

संक्रमणकाल में विश्वास की डोर मजबूत करने पर जोर

बैठक को संबोधित करते हुए एसपी संदीप पटेल ने कहा कि नारायणपुर वर्तमान में नक्सल समस्या के समाप्ति के बाद संक्रमणकाल से गुजर रहा है। ऐसे समय में पुलिस की भूमिका केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं रह सकती, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग के साथ मजबूत विश्वास का रिश्ता स्थापित करना भी उतना ही आवश्यक है।

उन्होंने निर्देश दिए कि सभी थाना प्रभारी नियमित रूप से ग्राम भ्रमण करें, आमजन से सीधे संवाद स्थापित करें, उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनें और संवेदनशीलता के साथ उनका निराकरण सुनिश्चित करें।

हर थाना क्षेत्र की नब्ज टटोली

समीक्षा बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक ने प्रत्येक थाना प्रभारी से कानून-व्यवस्था, स्थानीय राजनीतिक गतिविधियों, सामाजिक संगठनों की सक्रियता, संवेदनशील गांवों, नक्सल समीकरण, जनसमस्याओं, लंबित अपराधों, शिकायतों और पुलिस के समक्ष मौजूद चुनौतियों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

साथ ही थाना क्षेत्रों में संचालित जनसंपर्क गतिविधियों, अपराध नियंत्रण की रणनीति तथा भविष्य की कार्ययोजना पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

तकनीक आधारित पुलिसिंग पर रहेगा विशेष फोकस

एसपी पटेल ने आधुनिक एवं पारदर्शी पुलिसिंग को मजबूत बनाने के लिए सभी थाना प्रभारियों को iRAD, e-DAR, MedLeaPR तथा सीसीटीएनएस पोर्टलों में शत-प्रतिशत एवं समयबद्ध प्रविष्टियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी डिजिटल पोर्टलों पर दर्ज जानकारी अद्यतन, सटीक और गुणवत्तापूर्ण होनी चाहिए।

साइबर शिकायतों और सीएम हेल्पलाइन पर लापरवाही नहीं

बैठक में पुलिस अधीक्षक ने सीएम हेल्पलाइन, राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) एवं अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायतों का त्वरित, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों से सतत संवाद रखें

एसपी ने थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि वे अपने क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, प्रबुद्ध नागरिकों और युवाओं के साथ नियमित संपर्क बनाए रखें। समाज के प्रत्येक वर्ग से संवाद स्थापित कर पुलिस और जनता के बीच विश्वास का वातावरण तैयार किया जाए, ताकि अपराध नियंत्रण के साथ सामाजिक समरसता भी मजबूत हो।

अनुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही पर जोर

बैठक के अंत में पुलिस अधीक्षक ने लंबित प्रकरणों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निराकरण, अनुशासन, पारदर्शिता तथा जनसेवा की भावना के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सक्रिय पुलिसिंग, संवेदनशील व्यवहार और जवाबदेही ही नारायणपुर पुलिस की नई कार्यशैली की पहचान होगी।

“जनता का भरोसा ही सबसे बड़ी ताकत”

नारायणपुर जैसे संवेदनशील जिले में नए पुलिस अधीक्षक की पहली समीक्षा बैठक ने साफ संकेत दिया है कि आने वाले समय में पुलिसिंग का केंद्र केवल अपराध नियंत्रण नहीं, बल्कि विश्वास निर्माण, जनसहभागिता और तकनीक आधारित पारदर्शी व्यवस्था होगी। नक्सलवाद से बाहर निकल रहे जिले में यह रणनीति विकास और शांति को नई मजबूती दे सकती है।

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़ पक्ष पर विपक्ष पर हर एक पक्ष पर निष्पक्ष बेबाक एवं धारदार पत्रकारिता के लिए संकल्पित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page