‘स्कूल की चौखट से ही संवरता है देश का भविष्य’
जिला स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव में वन मंत्री केदार कश्यप ने किया नवप्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत, बैग-छाता व अध्ययन सामग्री वितरित; बोले- शिक्षा सबसे बड़ी ताकत, हर बच्चे को बड़े सपने देखने चाहिए

नारायणपुर। जिले में आयोजित जिला स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव शुक्रवार को उत्साह और उल्लास के माहौल में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश के वन एवं जलवायु परिवर्तन, परिवहन, सहकारिता एवं संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप ने नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं का तिलक लगाकर, पुष्प भेंट कर आत्मीय स्वागत किया तथा उन्हें मिठाई खिलाकर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान विद्यार्थियों को स्कूल बैग, छाता एवं पठन-पाठन सामग्री का भी वितरण किया गया।

समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि शिक्षा ही वह शक्ति है जो बच्चों के सपनों को उड़ान देती है और उन्हें जीवन में सफलता का मार्ग दिखाती है। आज विद्यालय में प्रवेश लेने वाला प्रत्येक विद्यार्थी कल प्रदेश और देश का जिम्मेदार नागरिक बनेगा। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित रूप से विद्यालय आने, मन लगाकर अध्ययन करने तथा माता-पिता और शिक्षकों का सम्मान करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रत्येक बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाने के लिए लगातार प्रयासरत है। विद्यालयों में बेहतर अधोसंरचना, आवश्यक सुविधाएं, अध्ययन सामग्री तथा बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए विभिन्न योजनाओं का प्रभावी संचालन किया जा रहा है। पालकों से उन्होंने अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने और उनकी पढ़ाई में सक्रिय सहयोग देने की अपील भी की।
मंत्री कश्यप ने कहा कि आज का विद्यार्थी ही कल का डॉक्टर, इंजीनियर, शिक्षक, वैज्ञानिक, खिलाड़ी और जनप्रतिनिधि बनेगा। इसलिए हर बच्चे को बड़े सपने देखने चाहिए और उन्हें साकार करने के लिए मेहनत, अनुशासन और ईमानदारी के साथ आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि शिक्षा से बड़ी कोई संपत्ति नहीं होती।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष नारायण मरकाम ने भी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए शिक्षा, अनुशासन और संस्कारों के महत्व पर प्रकाश डाला। वहीं कलेक्टर नम्रता जैन ने जिले की शैक्षणिक प्रगति का प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए बताया कि डीएमएफ निधि से जिले के 227 विद्यालयों में शिक्षकों की व्यवस्था की गई है, जिससे विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराई जाएगी।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष नारायण मरकाम, नगर पालिका अध्यक्ष इंद्र प्रसाद बघेल, जनपद पंचायत अध्यक्ष पिंकी उसेंडी, नगर पालिका उपाध्यक्ष जयप्रकाश शर्मा, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष चौतराम कुमेटी, पुलिस अधीक्षक रॉबिंसन गुड़िया, जिला पंचायत सीईओ आकांक्षा शिक्षा खलखो, अपर कलेक्टर बीरेंद्र बहादुर पंचभाई, एसडीएम अभयजीत मंडावी, जिला शिक्षा अधिकारी महेंद्रनाथ पांडे सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं, पालक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। पूरे आयोजन में उत्साहपूर्ण वातावरण रहा और शिक्षा के प्रति जनजागरूकता का संदेश दिया गया।




