नारायणपुर

सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों का गंभीरता से करें निराकरण : कलेक्टर

समय-सीमा की बैठक में योजनाओं और विकास कार्यों की समीक्षा, अधिकारियों को दिए समय पर काम पूरा करने के सख्त निर्देश

नारायणपुर। आम नागरिकों की शिकायतों और समस्याओं के निराकरण में किसी तरह की लापरवाही या अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त आवेदनों का प्राथमिकता के साथ गंभीरतापूर्वक निराकरण करें और उनकी स्थिति नियमित रूप से अपडेट करें। यह निर्देश कलेक्टर नम्रता जैन ने मंगलवार को जिला कार्यालय के सभा कक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक में अधिकारियों को दिए।

बैठक में विभिन्न विभागों के लंबित प्रकरणों, शासन की योजनाओं की प्रगति और निर्माण कार्यों की विभागवार समीक्षा की गई। कलेक्टर ने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता आम जनता से जुड़े मामलों का समयबद्ध निराकरण है। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि आवेदनों के निराकरण में किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी न हो।

आश्रम-छात्रावासों में सुविधाओं पर विशेष जोर

कलेक्टर ने जिले के आश्रम एवं छात्रावासों की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए निरीक्षण के लिए नियुक्त नोडल अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में निरीक्षण प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। आश्रम-छात्रावासों में स्वीकृत शौचालय निर्माण कार्यों को जल्द पूर्ण कराने को कहा गया।

लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की समीक्षा के दौरान कार्यपालन अभियंता को आश्रम, छात्रावासों एवं स्कूलों में शुद्ध एवं सुरक्षित पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। जहां पेयजल की समस्या है, वहां तत्काल आवश्यक कार्रवाई की जाए।

नियद नेल्लानार व बस्तर मुन्ने के कार्यों में तेजी

बैठक में जिले में संचालित विभिन्न शासकीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने लंबित एंट्री से संबंधित कार्यों को शत-प्रतिशत पूर्ण कराने के निर्देश दिए। नियद नेल्लानार और बस्तर मुन्ने के तहत किए जा रहे कार्यों को गंभीरता से लेते हुए निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने को कहा।

उन्होंने दिव्यांगजनों के प्रमाण पत्र बनाने की प्रक्रिया में तेजी लाने तथा पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश भी दिए।

पात्र श्रमिकों के जॉब कार्ड बनाने के निर्देश

ग्रामीण रोजगार से जुड़े कार्यों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने वीबी राम जी योजना के तहत पात्र श्रमिकों के जॉब कार्ड शत-प्रतिशत बनाने के निर्देश दिए। साथ ही आंगनबाड़ी केंद्रों एवं स्कूलों में पोषण वाटिका विकसित करने पर जोर दिया।

कलेक्टर ने कहा कि पोषण वाटिकाओं के माध्यम से बच्चों को पौष्टिक आहार के महत्व से जोड़ने के साथ स्थानीय स्तर पर उपयोगी सब्जियों एवं अन्य पोषण सामग्री के उत्पादन को बढ़ावा दिया जाए।

किसानों की ई-केवाईसी और सॉइल हेल्थ कार्ड पर जोर

कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान किसान सम्मान निधि के पात्र किसानों की ई-केवाईसी पूर्ण कराने तथा सॉइल हेल्थ कार्ड बनाने की प्रगति बढ़ाने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि पात्र किसानों को शासन की योजनाओं का लाभ समय पर मिले, इसके लिए मैदानी स्तर पर विशेष प्रयास किए जाएं।

सेवा सेतु के आवेदनों का शीघ्र करें निराकरण

बैठक में सेवा सेतु के तहत प्राप्त आवेदनों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सेवा सेतु के आवेदनों को गंभीरता से लेते हुए उनका शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करें। वहीं बस्तर विकास प्राधिकरण के तहत स्वीकृत निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए सभी कार्यों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए।

गुणवत्ता और समय-सीमा से समझौता नहीं

कलेक्टर नम्रता जैन ने बैठक के अंत में अधिकारियों से कहा कि शासन की योजनाओं और विकास कार्यों के क्रियान्वयन में गुणवत्ता और समय-सीमा का विशेष ध्यान रखा जाए। विभागीय अधिकारी आपसी समन्वय के साथ काम करें और यह सुनिश्चित करें कि आम नागरिकों एवं पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ समय पर मिले।

बैठक में अपर कलेक्टर बीरेन्द्र बहादुर पंचभाई, एसडीएम अभयजीत मंडावी, डिप्टी कलेक्टर सुनील सोनपिपरे, डीएसपी सुश्री अमृता पैकरा, सीएमएचओ डॉ. टीआर कुंवर, कार्यक्रम अधिकारी लुपेन्द्र महिनांग, आदिवासी विकास विभाग की सहायक आयुक्त सुश्री तनुजा नाग, जिला शिक्षा अधिकारी महेन्द्रनाथ पाण्डे, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन अभियंता एसके वर्मा, लोक निर्माण विभाग के संजय चौहान सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़ पक्ष पर विपक्ष पर हर एक पक्ष पर निष्पक्ष बेबाक एवं धारदार पत्रकारिता के लिए संकल्पित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page