कंट्रोल रूम से डायल-112 तक एसपी की ‘सरप्राइज टेस्टिंग’, मॉक ड्रिल में परखी पुलिस की फुर्ती
संदीप कुमार पटेल ने आपातकालीन व्यवस्था का लिया जायजा, रिस्पॉन्स टाइम, संचार तंत्र और सीसीटीवी निगरानी की जांच; समयबद्ध कार्रवाई के दिए निर्देश

नारायणपुर। जिले में पुलिस की आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली को और अधिक चुस्त-दुरुस्त बनाने की दिशा में पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल (भा.पु.से.) ने रविवार को जिला कंट्रोल रूम, वायरलेस सेंटर एवं डायल-112 कंट्रोल सेंटर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने न केवल कंट्रोल रूम और संचार व्यवस्था की बारीकी से पड़ताल की, बल्कि अचानक एमसीपी (मोबाइल चेकिंग प्वाइंट) मॉक ड्रिल कराकर पुलिस बल की वास्तविक प्रतिक्रिया क्षमता भी परखी। इस दौरान डायल-112 पर कॉल जनरेट कर रिस्पॉन्स टाइम का भी परीक्षण किया गया।
पुलिस अधीक्षक ने कंट्रोल रूम में स्थापित सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली का निरीक्षण करते हुए सभी कैमरों को निरंतर क्रियाशील रखने और उनकी प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। आवश्यकता वाले स्थानों पर अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे लगाने के भी निर्देश दिए गए। इसके साथ ही मिनट बुक, लॉग बुक सहित अन्य अभिलेखों का निरीक्षण कर उन्हें नियमित रूप से अद्यतन रखने पर जोर दिया।
वायरलेस नेटवर्क की भी जांच, संचार व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश
निरीक्षण के अगले चरण में पुलिस अधीक्षक ने वायरलेस सेंटर पहुंचकर वीएचएफ नेटवर्क की कार्यप्रणाली की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले के सभी थाना क्षेत्रों में संचार व्यवस्था हर परिस्थिति में निर्बाध बनी रहे, ताकि किसी भी आपात स्थिति में सूचना का आदान-प्रदान तत्काल हो सके।
अचानक मॉक ड्रिल से परखी पुलिस की तैयारी
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने थाना नारायणपुर को आकस्मिक रूप से एमसीपी मॉक ड्रिल के निर्देश दिए। सूचना मिलते ही थाना पुलिस निर्धारित समय के भीतर आवश्यक संसाधनों के साथ मौके पर पहुंच गई। एसपी ने पुलिस बल के रिस्पॉन्स टाइम, तैनाती, समन्वय और कार्रवाई की गति का परीक्षण किया तथा और अधिक प्रभावी संचालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
डायल-112 की तत्परता भी जांची
पुलिस अधीक्षक ने डायल-112 कंट्रोल सेंटर की कार्यप्रणाली का भी परीक्षण किया। इसके लिए एक परीक्षण कॉल जनरेट की गई। सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम तत्काल रवाना हुई और निर्धारित समय में घटनास्थल पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की। एसपी ने टीम की तत्परता की सराहना करते हुए भविष्य में भी प्रत्येक आपात सूचना पर त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
“कंट्रोल रूम और डायल-112 पुलिस व्यवस्था की रीढ़”
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल ने कहा कि कंट्रोल रूम, वायरलेस नेटवर्क और डायल-112 पुलिस व्यवस्था की रीढ़ हैं। आधुनिक तकनीक, सतत निगरानी और समयबद्ध प्रतिक्रिया के माध्यम से ही आम नागरिकों को बेहतर और त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराई जा सकती है। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को हर समय सतर्क रहकर जनता को गुणवत्तापूर्ण पुलिस सेवा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।




