प्रेरणापुंजों के द्वार पहुंचे मंत्री केदार कश्यप, सम्मान के साथ दिया मोदी सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों का संदेश
राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त शिक्षिका, प्रख्यात शिल्पकार, वरिष्ठ अधिवक्ता और पत्रकार सहित समाज की विशिष्ट विभूतियों का किया सम्मान, शाल-श्रीफल भेंट कर जताया आभार

नारायणपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और राष्ट्र निर्माण के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर चलाए जा रहे विशेष जनसंपर्क अभियान के तहत छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री एवं नारायणपुर विधायक केदार कश्यप ने जिले की विशिष्ट एवं प्रेरणास्रोत हस्तियों के घर पहुंचकर उनका सम्मान किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार की उपलब्धियों का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के साथ ही प्रबुद्धजनों के अनुभव और सुझाव भी साझा किए।

मंत्री केदार कश्यप ने राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित सेवानिवृत्त शिक्षिका तथा वर्ष 2011 में देहदान का संकल्प लेकर मानवीय मूल्यों की मिसाल प्रस्तुत करने वाले जे.पी. पटेल, राज्य अलंकरण से सम्मानित और अपनी अनूठी तुमा शिल्प कला के माध्यम से बस्तर की लोक संस्कृति को राष्ट्रीय पहचान दिलाने वाले ग्राम देवगांव निवासी प्रख्यात शिल्पकार बुटलु राम मात्रा, वरिष्ठ अधिवक्ता जगजीत सिंह राठौर तथा वरिष्ठ पत्रकार कैलाश सोनी के निवास पहुंचकर सौजन्य भेंट की। उन्होंने सभी सम्मानित हस्तियों को शाल एवं श्रीफल भेंटकर उनके योगदान के प्रति सम्मान प्रकट किया।
मंत्री कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में भारत ने विकास, आत्मनिर्भरता, सांस्कृतिक गौरव, सामाजिक न्याय और जनकल्याण के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। देश का प्रत्येक वर्ग विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित हो रहा है और भारत वैश्विक मंच पर एक नई शक्ति के रूप में उभरा है।
उन्होंने कहा कि समाज के अनुभवी और प्रेरणादायी व्यक्तित्व किसी भी क्षेत्र की अमूल्य धरोहर होते हैं। उनके अनुभव और जीवन मूल्यों से नई पीढ़ी को दिशा मिलती है। ऐसे सम्मानित नागरिकों से संवाद स्थापित कर उनके विचारों और सुझावों को जानना जनप्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
विशेष जनसंपर्क अभियान के अंतर्गत मंत्री केदार कश्यप लगातार समाज के विभिन्न वर्गों, वरिष्ठ नागरिकों, कलाकारों, शिक्षाविदों, प्रबुद्धजनों और सामाजिक कार्यकर्ताओं से संपर्क कर केंद्र सरकार की जनहितकारी योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी पहुंचाने के साथ-साथ जनता की भावनाओं और अपेक्षाओं को भी जानने का प्रयास कर रहे हैं।
सम्मान से जुड़ा संवाद, जनसंपर्क अभियान को मिला मानवीय स्वरूप
विशेष जनसंपर्क अभियान के दौरान मंत्री केदार कश्यप द्वारा समाज की प्रतिष्ठित हस्तियों के घर पहुंचकर सम्मान और संवाद की पहल को एक सकारात्मक संदेश के रूप में देखा जा रहा है। शिक्षा, संस्कृति, न्याय और पत्रकारिता जैसे विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली विभूतियों का सम्मान कर न केवल उनके अनुभवों को महत्व दिया गया, बल्कि नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा का संदेश भी दिया गया।




