नारायणपुर

तिलक-गुलाल और पुष्पवर्षा के साथ नवप्रवेशी विद्यार्थियों का स्वागत

नारायणपुर के शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में शाला प्रवेश उत्सव उत्साह के साथ मनाया गया, पुस्तकों और गणवेश का हुआ वितरण

नारायणपुर। नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत के साथ जिले के बंगलापारा वार्ड क्रमांक-4 स्थित शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में शुक्रवार को शाला प्रवेश उत्सव हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस दौरान विद्यालय पहुंचे नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं का तिलक, गुलाल, आरती और पुष्पवर्षा के साथ आत्मीय स्वागत किया गया। विद्यार्थियों को मिठाई खिलाकर नए सत्र की शुभकामनाएं भी दी गईं।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बंगलापारा वार्ड की पार्षद श्रीमती कीर्ति पोटाई उपस्थित रहीं। विद्यालय के प्राचार्य कमलेश सिंह एवं अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद नवप्रवेशी विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें एवं गणवेश वितरित किए गए तथा उन्हें नियमित रूप से विद्यालय आने और मन लगाकर अध्ययन करने के लिए प्रेरित किया गया।

पार्षद श्रीमती कीर्ति पोटाई ने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं और उन्हें बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अभिभावकों से अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने की अपील करते हुए शिक्षा के महत्व पर जोर दिया।

विद्यालय परिवार की ओर से नवप्रवेशी विद्यार्थियों का पारंपरिक तरीके से अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर स्थानीय नागरिक, शिक्षा समिति के सदस्य, शिक्षकगण, ग्रामीणजन तथा विद्यार्थियों के पालक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम में उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला।

नियमित अध्ययन के लिए किया प्रेरित

नए सत्र के पहले दिन आयोजित शाला प्रवेश उत्सव के माध्यम से विद्यार्थियों में विद्यालय के प्रति अपनत्व की भावना विकसित करने और शिक्षा के प्रति सकारात्मक माहौल बनाने का प्रयास किया गया। विद्यालय प्रबंधन ने विद्यार्थियों से नियमित अध्ययन और अनुशासन के साथ शैक्षणिक गतिविधियों में भागीदारी की अपील की।

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़ पक्ष पर विपक्ष पर हर एक पक्ष पर निष्पक्ष बेबाक एवं धारदार पत्रकारिता के लिए संकल्पित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page