नारायणपुर

परिवार की सुरक्षा के लिए रात में दौड़ी पुलिस, घरेलू हिंसा कर रहे युवक को किया गिरफ्तार

छोटेडोंगर थाना पुलिस की संवेदनशील कार्रवाई से टली संभावित अनहोनी, मां और बहन से मारपीट कर रहा था आरोपी

(संतोष मजूमदार) छोटेडोंगर। परिवार के भीतर बढ़ते विवाद और घरेलू हिंसा की घटनाओं के बीच छोटेडोंगर पुलिस ने संवेदनशीलता और तत्परता का परिचय देते हुए एक संभावित बड़ी घटना को टाल दिया। ग्राम मुण्डाटिकरा में मां और बड़ी बहन के साथ मारपीट एवं अभद्र व्यवहार कर रहे युवक को पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की इस कार्रवाई की ग्रामीणों ने खुले तौर पर सराहना की है।

जानकारी के अनुसार, 15 मई 2026 की रात थाना प्रभारी छोटेडोंगर हरिशंकर ध्रुव को मोबाइल के माध्यम से सूचना मिली कि ग्राम मुण्डाटिकरा निवासी हासम गागडा अपनी मां और बड़ी बहन के साथ गाली-गलौच तथा मारपीट कर रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी ने प्र.आर. 534 फागुराम चक्रधारी, आरक्षक 599 अनिल बघेल एवं आरक्षक 952 की टीम को तत्काल मौके पर रवाना किया।

पुलिस टीम जब गांव पहुंची, तब आरोपी हासम गागडा पिता कमलू गागडा अपनी मां रूखमती और बड़ी बहन धनेश्वरी प्रधान के साथ हाथापाई कर रहा था। घटना स्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो चुकी थी और माहौल तनावपूर्ण बना हुआ था। पुलिस ने पहले आरोपी को शांत कराने और समझाइश देने का प्रयास किया, लेकिन वह और अधिक आक्रोशित हो गया तथा पुलिस टीम के सामने भी अभद्र भाषा का प्रयोग करने लगा।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर थाना छोटेडोंगर लाया। पूछताछ के दौरान उसकी मां रूखमती ने पुलिस को बताया कि हासम आए दिन परिवार के साथ विवाद, गाली-गलौच और मारपीट करता है, जिससे परिवार के सदस्य भय और तनाव में जी रहे हैं। उन्होंने भविष्य में किसी बड़ी अनहोनी की आशंका भी जताई।

परिवार की सुरक्षा और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस ने आरोपी हासम गागडा को धारा 170 बी.एन.एस.एस. के तहत गिरफ्तार किया। वहीं उसके विरुद्ध धारा 126 एवं 135(3) बी.एन.एस.एस. के तहत इस्तगाशा तैयार कर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है।

इस पूरी कार्रवाई में छोटेडोंगर पुलिस ने जिस संयम, तत्परता और मानवीय दृष्टिकोण का परिचय दिया, उसकी ग्रामीणों ने प्रशंसा करते हुए कहा कि समय रहते पुलिस पहुंचने से एक बड़ी घटना टल गई।

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़ पक्ष पर विपक्ष पर हर एक पक्ष पर निष्पक्ष बेबाक एवं धारदार पत्रकारिता के लिए संकल्पित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page