नारायणपुर

‘मौत का मोड़’ खबर का असर: सड़कों पर उतरा प्रशासन, 15 जगहों पर बनेंगे स्पीड ब्रेकर

पुलिस-पीडब्ल्यूडी-नगर पालिका का संयुक्त निरीक्षण, ब्लैक स्पॉट चिन्हित कर कार्रवाई शुरू

(कैलाश सोनी) नारायणपुर। शहर में लगातार बढ़ रहे सड़क हादसों और ‘पुराना पुलिस लाइन मोड़’ को ब्लैक स्पॉट बताए जाने की खबर के प्रकाशन के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है। घटना के बाद पुलिस, पीडब्ल्यूडी और नगर पालिका की संयुक्त टीम सड़कों पर उतरी और मुख्य मार्गों का निरीक्षण कर दुर्घटनाजन्य स्थलों को चिन्हित किया। प्राथमिक स्तर पर जिले में 15 स्थानों को स्पीड ब्रेकर (गति अवरोधक) के लिए चिन्हित किया गया है, जहां जल्द निर्माण किया जाएगा।

पुलिस अधीक्षक रोबिनसन गुड़िया और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार नायक के मार्गदर्शन में यातायात पुलिस, पीडब्ल्यूडी और नगर पालिका की टीम ने शहर के प्रमुख मार्गों का जायजा लिया। टीम ने उन स्थानों पर विशेष ध्यान दिया, जहां बार-बार हादसे हो रहे हैं और यातायात दबाव अधिक है।

ब्लैक स्पॉट पर फोकस, सुरक्षा उपाय होंगे मजबूत
निरीक्षण के दौरान पुराना पुलिस लाइन मोड़ सहित अन्य संवेदनशील स्थानों को चिन्हित कर वहां त्वरित सुरक्षा उपाय करने की योजना बनाई गई। अधिकारियों ने बताया कि अनियंत्रित गति को रोकने और दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए स्पीड ब्रेकर, संकेतक बोर्ड और आवश्यक ट्रैफिक प्रबंधन उपाय लागू किए जाएंगे।

संयुक्त टीम ने किया मौके का निरीक्षण
इस कार्रवाई में यातायात प्रभारी मोहसिन खान, पीडब्ल्यूडी एसडीओ प्रवीण कोसले, नगर पालिका आरआई भूषण लाल देशमुख सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। टीम ने मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए जल्द काम शुरू करने की बात कही।

खबर के बाद जागा प्रशासन, लोगों में उम्मीद
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि लंबे समय से इस मार्ग पर हादसे हो रहे थे, लेकिन ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे थे। खबर के प्रकाशन के बाद प्रशासन की सक्रियता से लोगों में उम्मीद जगी है कि अब ‘मौत का मोड़’ सुरक्षित मार्ग में बदलेगा।

यातायात पुलिस की अपील
यातायात प्रभारी मोहसिन खान ने नागरिकों से अपील की है कि वाहन हमेशा नियंत्रित गति में चलाएं और दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट अवश्य पहनें, ताकि दुर्घटनाओं से बचा जा सके।

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़ पक्ष पर विपक्ष पर हर एक पक्ष पर निष्पक्ष बेबाक एवं धारदार पत्रकारिता के लिए संकल्पित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page