ट्रैक्टर- बाइक की जोरदार भिड़ंत, एक की मौके पर मौत
पुराना पुलिस लाइन मोड़ पर हादसा, एक गंभीर घायल जिला अस्पताल में भर्ती

सोनपुर रोड का पुराना पुलिस लाइन मोड़ बना ‘मौत का मोड़’
लगातार हादसों से बढ़ी चिंता, फिर ट्रैक्टर-बाइक भिड़ंत में बुजुर्ग की मौत, एक गंभीर…
नारायणपुर। शहर इन दिनों बढ़ते सड़क हादसों से जूझ रहा है और सोनपुर मार्ग स्थित पुराना पुलिस लाइन मोड़ अब ‘ब्लैक स्पॉट’ के रूप में उभरकर सामने आ रहा है। यहां लगातार हो रहे हादसों ने आमजन की चिंता बढ़ा दी है। सोमवार को एक बार फिर इस मोड़ पर हुए भीषण हादसे में एक बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान कुतुल ग्राम पंचायत के आश्रित ग्राम परपा निवासी मालू के रूप में हुई है। सोमवार दोपहर करीब 3 बजे ब्रेहबेड़ा से चांदनी चौक की ओर जा रहे ट्रैक्टर और मुरियापारा की ओर से आ रही तेज रफ्तार मोटरसाइकिल के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। अनियंत्रित मोटरसाइकिल ट्रैक्टर की ट्रॉली के पीछे जा घुसी, जिससे बाइक सवार बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पहले भी ले चुका है कई जानें
स्थानीय लोगों के अनुसार इस मोड़ पर पहले भी कई गंभीर हादसे हो चुके हैं। कुछ समय पहले एक बालिका की पिकअप वाहन की चपेट में आने से मौत हो गई थी। लगातार हो रही दुर्घटनाओं में अब तक 3-4 लोगों की जान जा चुकी है, जिससे यह स्थान ब्लैक स्पॉट के रूप में चिन्हित होने लगा है।
अव्यवस्था और अतिक्रमण बना कारण
हादसों के पीछे मुख्य कारणों में सड़क किनारे खड़ी कबाड़ और अन्य वाहनों को माना जा रहा है, जिससे मोड़ पर दृश्यता प्रभावित होती है और दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से यहां तत्काल सुरक्षा उपाय करने, अतिक्रमण हटाने और संकेतक बोर्ड लगाने की मांग की है।
प्रशासनिक कार्रवाई का इंतजार
लगातार हो रहे हादसों के बावजूद अब तक ठोस कदम नहीं उठाए जाने से लोगों में नाराजगी है। नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते सुधारात्मक उपाय नहीं किए गए तो यह मोड़ आगे भी लोगों की जान लेता रहेगा।




