नारायणपुर

गैस आपूर्ति पर प्रशासन सख्त, कालाबाजारी रोकने संयुक्त टीम का आकस्मिक निरीक्षण

नारायणपुर, 15 मार्च। जिले में रसोई गैस की सुचारु आपूर्ति सुनिश्चित करने और कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। कलेक्टर नम्रता जैन के निर्देश पर राजस्व एवं खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने रविवार को एचपी गैस एजेंसी के कार्यालय और गोदाम परिसर का आकस्मिक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान टीम ने एजेंसी के संचालन से जुड़ी व्यवस्थाओं की विस्तार से जांच की। मौके पर मौजूद एजेंसी प्रबंधक को उपभोक्ताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रसीद काउंटर और गोदाम परिसर में डिलीवरी काउंटर की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही उपभोक्ताओं के लिए पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा लंबी कतार को देखते हुए बैठने के लिए छायादार टेंट लगाने के निर्देश भी दिए गए।

संयुक्त टीम ने एजेंसी प्रबंधन को प्रतिदिन स्टॉक पंजी का विधिवत संधारण करने और शासन द्वारा निर्धारित दर से अधिक राशि नहीं लेने की सख्त हिदायत दी। निरीक्षण के दौरान यह भी स्पष्ट किया गया कि घरेलू गैस सिलेंडर का उपयोग होटल, ढाबों या निर्माण कार्यों जैसे व्यावसायिक कार्यों में करना पूर्णतः प्रतिबंधित है।

इसी क्रम में टीम ने नगर के विभिन्न होटल और रेस्टोरेंट का भी निरीक्षण किया। संचालकों को घरेलू सिलेंडर के स्थान पर व्यावसायिक सिलेंडर का ही उपयोग करने तथा आवश्यक वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

जिला प्रशासन ने आम उपभोक्ताओं को आश्वस्त किया है कि जिले में एलपीजी सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता है और आपूर्ति बाधित होने की खबरें पूरी तरह अफवाह हैं। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि घरेलू सिलेंडर के दुरुपयोग की स्थिति में आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

इस कार्रवाई में तहसीलदार सौरभ चौरसिया और सहायक खाद्य अधिकारी योगेश कुमार मिश्रा शामिल रहे। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि उपभोक्ता हितों की सुरक्षा और गैस के सुरक्षित उपयोग को सुनिश्चित करने के लिए इस प्रकार की जांच आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगी।

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़ पक्ष पर विपक्ष पर हर एक पक्ष पर निष्पक्ष बेबाक एवं धारदार पत्रकारिता के लिए संकल्पित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page