नारायणपुर

अबूझमाड़ पीस हाफ मैराथन की तैयारियों को लेकर बैठक

31 जनवरी को होगा आयोजन, व्यवस्थाओं को समय पर पूर्ण करने के निर्देश

नारायणपुर, 20 जनवरी 2025। कलेक्टर नम्रता जैन एवं पुलिस अधीक्षक रॉबिनसन गुड़िया की उपस्थिति में जिला कार्यालय के सभाकक्ष में अबूझमाड़ पीस हाफ मैराथन-2026 के आयोजन को लेकर तैयारी बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर ने मैराथन के सफल आयोजन के लिए की जा रही तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की।

कलेक्टर ने कार्यक्रम स्थल पर मंच, पंडाल व साज-सज्जा, बैठक व्यवस्था, बैरिकेडिंग, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात, पार्किंग, पेयजल, साफ-सफाई, प्रशस्ति पत्र, मेडल वितरण तथा सड़क मरम्मत से जुड़े सभी कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने बाहर से आने वाले प्रतिभागियों के पंजीयन, भोजन एवं ठहरने की व्यवस्था की जानकारी लेते हुए निर्देशित किया कि अतिथियों और धावकों को सभी सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं।

बताया गया कि अबूझमाड़ पीस हाफ मैराथन का आयोजन 31 जनवरी को प्रातः 5.30 बजे परेड ग्राउंड नारायणपुर से प्रारंभ होगा, जबकि समापन समारोह बासिंग में आयोजित किया जाएगा। मैराथन मार्ग नारायणपुर से बासिंग तक दोनों ओर सौंदर्यीकरण कराने के लिए लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता को निर्देशित किया गया।

इस आयोजन को ओपन हाफ मैराथन ओपन महिला एवं पुरुष (21 किलोमीटर), ओपन हाफ मैराथन बस्तर संभाग स्तर महिला एवं पुरुष (21 किलोमीटर), ओपन हाफ मैराथन जिला नारायणपुर स्तर महिला एवं पुरुष (21 किलोमीटर) तथा ओपन हाफ मैराथन टीम रन (रिले मैराथन) महिला एवं पुरुष संयुक्त (21 किलोमीटर) श्रेणियों में आयोजित किया जाएगा।

अबूझमाड़ मैराथन में भाग लेने के इच्छुक धावक आधिकारिक लिंक https://runabhujhmad.in/ के माध्यम से पंजीयन कर सकते हैं। जिला नारायणपुर के बाहर से आने वाले धावकों के लिए पंजीयन शुल्क 299 रुपये निर्धारित किया गया है। मिक्स क्वाड टीम रन में चार धावकों के लिए कुल शुल्क 1196 रुपये रहेगा। जिला नारायणपुर के धावकों के लिए पंजीयन निःशुल्क रहेगा, इसके लिए वैध प्रमाण प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। 200 रुपये का भुगतान करने वाले पंजीकृत धावकों को टी-शर्ट प्रदान की जाएगी, हालांकि टी-शर्ट क्रय करना अनिवार्य नहीं होगा।

बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी आकांक्षा शिक्षा खलखो, अपर कलेक्टर बीरेन्द्र बहादुर पंचभाई, एसडीएम अभयजीत मंडावी, डॉ. सुमित गर्ग, डिप्टी कलेक्टर डी.के. कोशले, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास राजेन्द्र सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी अशोक कुमार पटेल सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़ पक्ष पर विपक्ष पर हर एक पक्ष पर निष्पक्ष बेबाक एवं धारदार पत्रकारिता के लिए संकल्पित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page