संदिग्ध हालात में लापता बालिका का शव मिलने से सनसनी
पुलिस ने एफएसएल टीम बुलाई, कुछ संदिग्ध हिरासत में

नारायणपुर, 05 जनवरी 2026/ जिले के थाना सोनपुर क्षेत्रांतर्गत ग्राम ओरछाकुरुई में लापता बालिका का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम ओरछाकुरुई निवासी बालिका राधा (नाम परिवर्तित) 31 दिसंबर से लापता थी, जिसकी तलाश परिजन व ग्रामीण कर रहे थे। इसी बीच 04 जनवरी को गांव के समीप कोसरा खेत में बालिका का शव ग्रामीणों ने देखा, जिसकी सूचना तत्काल थाना सोनपुर को दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण किया। घटनास्थल के वैज्ञानिक परीक्षण के लिए एफएसएल टीम को बुलाया गया है। मृतिका के शव को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूर्ण कर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया गया है।
पुलिस की प्रारंभिक विवेचना में मामला संदिग्ध हत्या का प्रतीत हो रहा है। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। थाना प्रभारी के अनुसार विवेचना प्रगतिशील है तथा सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि विवेचना पूर्ण होने के पश्चात प्रकरण से संबंधित विस्तृत जानकारी पृथक से साझा की जाएगी। घटना के बाद से गांव में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है, वहीं पुलिस प्रशासन मामले के शीघ्र खुलासे के लिए तत्परता से कार्य कर रहा है।



