क्राइमनारायणपुर

जंगल के बीच चल रहा था लाखों का दांव, कुकड़ाझोर पुलिस ने दबिश देकर 9 जुआरी दबोचे

1.16 लाख रुपये नगद, 11 वाहन और ताश की गड्डियां जब्त, बोरण्ड-करमरी मार्ग के जंगल में चल रहा था जुए का फड़

नारायणपुर। जिले में अवैध जुआ और सट्टे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कुकड़ाझोर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने बोरण्ड-करमरी मुख्य मार्ग के किनारे जंगल मैदान में दबिश देकर 9 जुआरियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 1 लाख 16 हजार 300 रुपये नगद, 11 वाहन, ताश की गड्डियां और अन्य सामग्री जब्त की गई है।

पुलिस अधीक्षक रॉबिंसन गुड़िया के निर्देशन में जिलेभर में अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में 12 मई को थाना कुकड़ाझोर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि जंगल क्षेत्र में कुछ लोग 52 पत्ती ताश के जरिए हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने मौके पर घेराबंदी कर कार्रवाई की।

दबिश के दौरान पुलिस ने मौके से 9 आरोपियों को जुआ खेलते गिरफ्तार किया। पकड़े गए सभी आरोपी नारायणपुर जिले के विभिन्न इलाकों के निवासी बताए गए हैं।

मौके से भारी मात्रा में सामान बरामद

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1.16 लाख रुपये नगद, चार ताश की गड्डियां, तीन प्लास्टिक तिरपाल, नौ मोटरसाइकिल और दो होंडा एक्टिवा जब्त की हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

पुलिस ने आमजन से मांगा सहयोग

पुलिस अधीक्षक रॉबिंसन गुड़िया ने कहा कि जिले में अवैध जुआ, सट्टा और अन्य असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने आम नागरिकों से भी अपील की है कि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़ पक्ष पर विपक्ष पर हर एक पक्ष पर निष्पक्ष बेबाक एवं धारदार पत्रकारिता के लिए संकल्पित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page