16वें आदिवासी युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम हेतु 45वीं वाहिनी भा.ति.सी. पुलिस बल की अगुवाई में दल की चेन्नई (तमिलनाडु) के लिए रवानगी


नारायणपुर (छत्तीसगढ़), 5 फरवरी 2025: भारत तिब्बत सीमा पुलिस बल की 45वीं वाहिनी के नेतृत्व में जिला नारायणपुर (छत्तीसगढ़) के बस्तर और अबूझमाड़ क्षेत्र से 30 आदिवासी युवाओं और युवतियों का दल 16वें आदिवासी युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम के तहत चेन्नई (तमिलनाडु) के लिए रवाना हुआ। यह दल 7 फरवरी 2025 से 13 फरवरी 2025 तक तमिलनाडु के खूबसूरत शहर चेन्नई का भ्रमण करेगा।
इस भ्रमण के दौरान आदिवासी युवा न केवल भारत की भौगोलिक, सांस्कृतिक और जनांकिकी विविधताओं से अवगत होंगे, बल्कि वे देश के कौशल विकास, तकनीकी परिवर्तन, विकासशील परियोजनाओं, और वैश्विक आधारभूत संरचनाओं के बारे में भी जानकारी प्राप्त करेंगे।
यह कार्यक्रम भारत सरकार के गृह मंत्रालय और युवा कल्याण एवं खेल मंत्रालय की नीतियों के तहत नेहरू युवा केन्द्र के सहयोग से हर साल आयोजित किया जाता है। इस कार्यक्रम के माध्यम से आदिवासी युवाओं को देश की सांस्कृतिक विरासत और विकास गतिविधियों के बारे में जानने का मौका मिलता है।
रवाना होने से पहले, 45वीं वाहिनी के कमांडेंट श्री राजीव गुप्ता ने युवाओं को संबोधित करते हुए उन्हें भ्रमण के दौरान देश के विभिन्न विकास क्षेत्रों, शैक्षिक एवं रोजगार अवसरों, और तकनीकी विकास के बारे में जानने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने यह भी बताया कि युवाओं को इस अवसर का लाभ उठाते हुए सांस्कृतिक विरासत और चेन्नई के ऐतिहासिक और पर्यटन महत्व के स्थलों के बारे में जानकारी प्राप्त करनी चाहिए।
इस अवसर पर 45वीं वाहिनी के द्वितीय कमांड श्री पी. भूषण झा, उप कमांडेंट श्री सुमित गुसांई और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।




