नारायणपुर

सेवा सेतु केंद्र ने बढ़ाया भरोसा, आय प्रमाण पत्र एक दिन में मिला

डिजिटल और समयबद्ध सेवाओं से ग्रामीणों को बड़ी राहत • कार्यालयों के चक्कर से मिली मुक्ति, छात्र की पढ़ाई समय पर हुई पूरी

नारायणपुर। जिले में आम नागरिकों को घर के नजदीक त्वरित और पारदर्शी शासकीय सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में संचालित सेवा सेतु केंद्र लोगों के लिए भरोसे का केंद्र बनकर उभर रहा है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मंशा और कलेक्टर नम्रता जैन के निर्देशन में संचालित इस व्यवस्था से अब ग्रामीणों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं। इसका ताजा उदाहरण ग्राम साकड़ीबेड़ा निवासी तेजराम भोयर का मामला है, जिनके पुत्र को मात्र एक दिन में आय प्रमाण पत्र उपलब्ध कराया गया।

तेजराम भोयर ने अपने पुत्र मनोज भोयर की पढ़ाई के लिए सेवा सेतु केंद्र में आय प्रमाण पत्र हेतु आवेदन किया था। आवेदन के अगले ही दिन प्रमाण पत्र जारी होने से छात्र की शैक्षणिक प्रक्रिया बिना किसी विलंब के पूरी हो सकी।

समय और धन दोनों की हुई बचत

तेजराम भोयर ने बताया कि पहले प्रमाण पत्र बनवाने के लिए कई बार शासकीय कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते थे, जिससे समय और धन दोनों की बर्बादी होती थी। लेकिन सेवा सेतु केंद्र में आवेदन करने के बाद प्रक्रिया सरल, पारदर्शी और समयबद्ध रही तथा निर्धारित समय के भीतर प्रमाण पत्र उपलब्ध करा दिया गया।

उन्होंने इस त्वरित व्यवस्था के लिए जिला प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सेवा सेतु केंद्र ग्रामीणों के लिए बड़ी सुविधा साबित हो रहा है।

सुशासन की दिशा में प्रभावी पहल

तेजराम भोयर ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति भी आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनहित को केंद्र में रखकर शुरू की गई सेवा सेतु केंद्र जैसी पहल से ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों को घर के निकट ही डिजिटल और समयबद्ध शासकीय सेवाओं का लाभ मिल रहा है। इससे न केवल लोगों की परेशानी कम हुई है, बल्कि शासन की पारदर्शी और जवाबदेह कार्यप्रणाली पर भी लोगों का विश्वास मजबूत हुआ है।

डिजिटल सेवाओं से आसान हुआ सरकारी कामकाज

जिला प्रशासन का मानना है कि सेवा सेतु केंद्रों के माध्यम से प्रमाण पत्रों सहित विभिन्न शासकीय सेवाएं निर्धारित समय-सीमा में उपलब्ध कराई जा रही हैं। इससे आम नागरिकों को अनावश्यक भागदौड़ से राहत मिल रही है और शासन की योजनाओं का लाभ समय पर लोगों तक पहुंच रहा है।

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़ पक्ष पर विपक्ष पर हर एक पक्ष पर निष्पक्ष बेबाक एवं धारदार पत्रकारिता के लिए संकल्पित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page