बारिश में भी नहीं थमा युवाओं का जोश, अबूझमाड़ के ओरछा में भाजयुमो का शक्ति प्रदर्शन; 170 युवाओं ने थामा कमल का साथ
मूसलाधार बारिश के बीच सदस्यता अभियान बना ऐतिहासिक, प्रदेश अध्यक्ष राहुल योगराज टिकरिहा बोले— कार्यकर्ताओं के समर्पण और सुरक्षा बलों के साहस ने बदली अबूझमाड़ की तस्वीर

नारायणपुर। कभी नक्सल प्रभाव के कारण देशभर में चर्चा में रहने वाला अबूझमाड़ अब बदलती तस्वीर के साथ नई पहचान गढ़ रहा है। बुधवार को अबूझमाड़ के मुख्यालय ओरछा में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के सदस्यता एवं संगठन विस्तार अभियान के दौरान इसका एक और उदाहरण देखने को मिला। मूसलाधार बारिश के बावजूद सैकड़ों युवाओं की मौजूदगी ने कार्यक्रम को ऐतिहासिक बना दिया। इस दौरान 170 युवाओं ने भारतीय जनता युवा मोर्चा की सदस्यता ग्रहण कर संगठन से जुड़ने का संकल्प लिया।

बारिश के बीच आयोजित कार्यक्रम में युवाओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। भीगते हुए भी युवा कार्यकर्ता पूरे समय कार्यक्रम में डटे रहे और संगठन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का परिचय दिया। भाजपा नेताओं ने इसे अबूझमाड़ में बदलते सामाजिक और राजनीतिक माहौल का संकेत बताया।
‘अबूझमाड़ भय से विश्वास और विकास की ओर बढ़ रहा’
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष राहुल योगराज टिकरिहा ने कार्यकर्ताओं के समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि मूसलाधार बारिश भी उनके उत्साह को कम नहीं कर सकी। उन्होंने कहा कि विषम परिस्थितियों में भी कार्यकर्ताओं ने संगठन के प्रति अपनी निष्ठा साबित की है।
उन्होंने कहा, “कार्यकर्ताओं के समर्पण और सुरक्षा बलों के साहसिक प्रयासों से अबूझमाड़ की तस्वीर बदली है। यह क्षेत्र अब भय से विश्वास, संघर्ष से विकास और नक्सलवाद से नव निर्माण की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।”
‘युवा शक्ति ही विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत’
भाजयुमो प्रदेश महामंत्री कुणाल सिंह ठाकुर ने कहा कि भारतीय जनता युवा मोर्चा राष्ट्र निर्माण में युवाओं की सबसे सशक्त भूमिका निभा रहा है। उन्होंने नवप्रवेशी युवाओं से संगठन की विचारधारा को गांव-गांव और बूथ-बूथ तक पहुंचाने का आह्वान करते हुए विकसित भारत के संकल्प को मजबूत बनाने का संदेश दिया।
170 नए सदस्य बने, संगठन को मिली नई ऊर्जा
भाजयुमो जिलाध्यक्ष परमानंद (नानू) नाग ने कहा कि ओरछा मंडल से एक साथ 170 युवाओं का संगठन से जुड़ना युवाओं के बढ़ते विश्वास का प्रमाण है। उन्होंने नवप्रवेशी सदस्यों का स्वागत करते हुए उन्हें राष्ट्रहित, समाजसेवा और संगठन के प्रत्येक अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में सभी नवप्रवेशी युवाओं को सदस्यता दिलाई गई तथा संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया। नेताओं ने विश्वास जताया कि युवा शक्ति के बढ़ते जुड़ाव से अबूझमाड़ सहित पूरे नारायणपुर जिले में संगठन और अधिक मजबूत होगा तथा समाज सेवा और राष्ट्र निर्माण के कार्यों को नई गति मिलेगी।
वरिष्ठ नेताओं और जनप्रतिनिधियों की रही मौजूदगी
कार्यक्रम में ओरछा जनपद अध्यक्ष नरेश कोर्राम, भाजयुमो जिला प्रभारी प्रशांत पात्र, सह प्रभारी निखिल वालेचा, प्रदेश मंत्री लोकेश, अजय राम टेके, दीनू दत्ता, जिला पंचायत सदस्य गुड्डू उसेंडी, ओरछा सरपंच अजीत मांझी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष सरस्वती गोटा, प्रमिला चौधरी, भाजयुमो जिला महामंत्री दीपेंद्र भोयर एवं विशु दत्ता, उपाध्यक्ष सोमनाथ सलाम, लिलेश कौड़ो, धर्मेंद्र कुलदीप, विशाल कचलम, भावेश सेठिया, ग्रामीण मंडल अध्यक्ष देवेंद्र बघेल, शहर मंडल अध्यक्ष अमित सेन, जिला मंत्री हेमंत भुई, उज्ज्वल सोनी, वामनराज बघेल, परमजीत सिंह ठाकुर, मीडिया प्रभारी मनोहर बघेल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं सैकड़ों युवा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
एक नजर में
- ओरछा में मूसलाधार बारिश के बीच आयोजित हुआ भाजयुमो का सदस्यता अभियान।
- 170 युवाओं ने भारतीय जनता युवा मोर्चा की सदस्यता ग्रहण की।
- प्रदेश अध्यक्ष राहुल योगराज टिकरिहा ने कार्यकर्ताओं के समर्पण की सराहना की।
- अबूझमाड़ को भय से विश्वास और विकास की ओर बढ़ता क्षेत्र बताया।
- सैकड़ों कार्यकर्ताओं की मौजूदगी से कार्यक्रम बना ऐतिहासिक।



