नारायणपुर

नारायणपुर में मेघों का कहर, दिनभर मूसलाधार बारिश से जनजीवन बेहाल

मुख्य मार्गों पर जलभराव, कई कॉलोनियों में पानी भरा; बाजारों में पसरा सन्नाटा, अगले 24 घंटे भी भारी बारिश के आसार

नारायणपुर। जिले में लगातार हो रहे मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। सुबह से शुरू हुई तेज बारिश लगातार रुक-रुककर जारी है, जिससे नगर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में सामान्य गतिविधियां बाधित हो रही है। मुख्य मार्गों पर जलभराव होने से यातायात प्रभावित हुआ, जबकि कई स्थानों पर नालियां उफनाने से पानी सड़कों पर फैल गया।

बारिश के चलते शहर के प्रमुख बाजारों में दिनभर सन्नाटा पसरा हुआ है। आवश्यक कार्यों से बाहर निकले लोगों को जलभराव और फिसलन का सामना करना पड़ा। दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक परेशानी हुई। कई स्थानों पर सड़क पर पानी भर जाने से गड्ढे दिखाई नहीं देने के कारण दुर्घटना की आशंका बनी रही।

लगातार वर्षा से निचले इलाकों में पानी जमा होने लगा है। लोगों को घरों और दुकानों में पानी घुसने की चिंता सताने लगी है। नगर के कई हिस्सों में जल निकासी की रफ्तार धीमी रहने से घंटों तक सड़कें पानी में डूबी रहीं। स्थानीय नागरिकों ने समय पर नालियों की सफाई नहीं होने को इसकी प्रमुख वजह बताया।

बारिश का असर ग्रामीण क्षेत्रों में भी देखने को मिला। खेतों में पानी भरने से खरीफ फसलों को लाभ मिलने की उम्मीद है, लेकिन लगातार तेज बारिश बनी रही तो धान की फसल को नुकसान की आशंका भी जताई जा रही है। वहीं कच्चे रास्तों पर कीचड़ होने से गांवों का आवागमन प्रभावित हो रहा है।

मौसम विभाग के अनुसार क्षेत्र में सक्रिय मानसूनी तंत्र के प्रभाव से अगले 24 घंटे तक मध्यम से भारी बारिश की संभावना बनी हुई है। प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूरी बनाए रखने तथा आवश्यक होने पर ही घरों से बाहर निकलने की अपील की है।

लगातार हो रही बारिश ने एक बार फिर शहर की जल निकासी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जोरदार बारिश में कई मार्गों पर जलभराव की स्थिति बनने से नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। यदि आगामी दिनों में भी बारिश का यही सिलसिला जारी रहा तो हालात और गंभीर हो सकते हैं।

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़ पक्ष पर विपक्ष पर हर एक पक्ष पर निष्पक्ष बेबाक एवं धारदार पत्रकारिता के लिए संकल्पित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page