नारायणपुर

साइबर अपराध से माड़ मैत्री तक, एसपी ने कसी पुलिसिंग की कमान

समीक्षा बैठक में थानों की कार्यप्रणाली पर गहन मंथन, बेसिक पुलिसिंग, ई-मालखाना, ई-साक्ष्य, एनसीआरपी और मेडलेपार के प्रभावी संचालन के दिए निर्देश

नारायणपुर। जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत, पारदर्शी और जनोन्मुखी बनाने की दिशा में पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल ने बुधवार को पुलिस कार्यालय में जिले के सभी अनुविभागीय पुलिस अधिकारियों और राजपत्रित अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में जिले के सभी थाना प्रभारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए। समीक्षा के दौरान एसपी ने स्पष्ट कहा कि प्रभावी पुलिसिंग का आधार बेसिक पुलिसिंग, गुणवत्तापूर्ण विवेचना और तकनीक आधारित कार्यप्रणाली है।

बैठक में एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को अपराधों की रोकथाम, त्वरित कार्रवाई, कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा आमजन के साथ बेहतर संवाद स्थापित करने को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने थानों में अभिलेखों के सुव्यवस्थित संधारण और रिकॉर्ड को नियमित रूप से अद्यतन रखने पर विशेष जोर दिया।

साइबर अपराधों की बढ़ती चुनौती को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी) पर प्राप्त शिकायतों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निराकरण, प्रभावी विवेचना तथा पीड़ितों को शीघ्र राहत उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि साइबर अपराधों के मामलों में समयबद्ध कार्रवाई से ही जनता का विश्वास मजबूत होगा।

बैठक में मर्ग प्रकरणों के समयबद्ध निराकरण, मेडलेपार (MedLeaPR) के माध्यम से सभी मर्ग एवं मुलाहिजा प्रकरणों का शत-प्रतिशत ऑनलाइन पंजीयन तथा ई-प्रॉसिक्यूशन प्रणाली के प्रभावी संचालन पर भी विस्तार से चर्चा की गई। वहीं विवेचना की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए प्रत्येक प्रकरण में ई-साक्ष्य के माध्यम से जब्ती, घटनास्थल निरीक्षण, गवाहों के कथन और अन्य आवश्यक साक्ष्यों के डिजिटल संकलन को अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

एसपी ने ई-मालखाना में जब्त संपत्तियों का शत-प्रतिशत ऑनलाइन पंजीयन और मालखाना अभिलेखों के समयबद्ध डिजिटलीकरण पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि इससे न्यायालयीन प्रक्रिया में पारदर्शिता और साक्ष्यों के बेहतर संरक्षण में सहायता मिलेगी।

समीक्षा बैठक में लंबित अपराधों, शिकायतों के निराकरण, विवेचना की प्रगति, वारंट एवं समंस तामील तथा अपराध नियंत्रण से जुड़े विभिन्न बिंदुओं की भी विस्तार से समीक्षा की गई। अधिकारियों को लंबित प्रकरणों का शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण निराकरण करते हुए जनता के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाने तथा पुलिस कार्यप्रणाली में जवाबदेही बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

‘माड़ मैत्री’ अभियान को और प्रभावी बनाने पर जोर

बैठक में पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल ने सामुदायिक पुलिसिंग अभियान ‘माड़ मैत्री’ को जिले के प्रत्येक क्षेत्र में प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस और आमजन के बीच विश्वास एवं सहभागिता बढ़ाने के लिए चौपाल, जनजागरूकता कार्यक्रम, खेलकूद, सांस्कृतिक और सामाजिक गतिविधियों का नियमित आयोजन किया जाए, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा और विश्वास का वातावरण और अधिक सुदृढ़ हो।

बैठक के अंत में एसपी ने सभी अधिकारियों से टीम भावना के साथ कार्य करते हुए प्रभावी पुलिसिंग, गुणवत्तापूर्ण विवेचना, तकनीक आधारित अनुसंधान और आमजन को त्वरित एवं पारदर्शी पुलिस सेवा उपलब्ध कराने के लिए समन्वित प्रयास करने का आह्वान किया।

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़ पक्ष पर विपक्ष पर हर एक पक्ष पर निष्पक्ष बेबाक एवं धारदार पत्रकारिता के लिए संकल्पित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page