खेल

नारायणपुर में गूंजा महिला फुटबॉल का बिगुल, AIFF U-17 राष्ट्रीय लीग का भव्य आगाज़

देशभर की युवा महिला फुटबॉल प्रतिभाएं दिखाएंगी दमखम, उद्घाटन मैच में KMP XI पुणे ने रूट्स फुटबॉल अकादमी बेंगलुरु को 6-1 से हराया

(कैलाश सोनी) नारायणपुर। नक्सल प्रभावित क्षेत्र से खेलों की नई पहचान गढ़ रहे नारायणपुर में शनिवार को राष्ट्रीय स्तर की AIFF अंडर-17 महिला यूथ लीग 2026-27 का भव्य शुभारंभ हुआ। रामकृष्ण मिशन परिसर में आयोजित उद्घाटन समारोह में देशभर से आई युवा महिला फुटबॉल खिलाड़ियों ने खेल भावना और अनुशासन का संदेश दिया। प्रतियोगिता का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक संदीप पटेल, रामकृष्ण मिशन नारायणपुर के सचिव स्वामी व्याप्तानंद तथा रामकृष्ण मिशन आश्रम ग्वालियर के सचिव स्वामी कृष्णामृतानंद ने संयुक्त रूप से किया।

समारोह में अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (AIFF) के कार्यकारी सदस्य एवं छत्तीसगढ़ फुटबॉल एसोसिएशन के सहायक महासचिव मोहन लाल तथा AIFF की अधिकारी नेहा चौहान भी मौजूद रहीं। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उन्हें उत्कृष्ट प्रदर्शन, अनुशासन और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए शुभकामनाएं दीं।

उद्घाटन मुकाबले में पुणे की शानदार जीत

प्रतियोगिता का पहला मुकाबला KMP XI, पुणे और रूट्स फुटबॉल अकादमी, बेंगलुरु के बीच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में पुणे की टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाते हुए बेंगलुरु को 6-1 के बड़े अंतर से पराजित कर विजयी आगाज़ किया।

महिला फुटबॉल को मिलेगा नया मंच

राष्ट्रीय स्तर की यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता देशभर की उभरती महिला फुटबॉल खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान कर रही है। नारायणपुर में इस लीग के आयोजन से न केवल महिला फुटबॉल को नई दिशा मिलेगी, बल्कि जिले में खेल संस्कृति को भी व्यापक बढ़ावा मिलेगा। स्थानीय खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता को करीब से देखने और सीखने का अवसर भी मिलेगा।

नारायणपुर बन रहा राष्ट्रीय खेल आयोजनों का केंद्र

रामकृष्ण मिशन में लगातार राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन से नारायणपुर की पहचान अब शिक्षा और सेवा के साथ-साथ खेल नगरी के रूप में भी मजबूत हो रही है। विशेषज्ञों का मानना है कि ऐसे आयोजनों से क्षेत्र की बेटियों को खेलों में आगे बढ़ने की नई प्रेरणा मिलेगी और जिले में महिला फुटबॉल का भविष्य और अधिक सशक्त होगा।

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़ पक्ष पर विपक्ष पर हर एक पक्ष पर निष्पक्ष बेबाक एवं धारदार पत्रकारिता के लिए संकल्पित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page