जिले में पहली बार पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता, युवाओं ने दिखाया दमखम
माड़ मैत्री अभियान के तहत आयोजन, 30 से अधिक खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा; 521 किलो वजन उठाकर विनीत यादव बने ‘पावर मैन’

नारायणपुर। माड़ मैत्री अभियान के अंतर्गत नारायणपुर पुलिस की पहल पर जिले में पहली बार आयोजित पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता ने युवाओं की ताकत, अनुशासन और खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। शहीद खोटलूराम कोर्राम पुलिस परफॉर्मेंस सेंटर में आयोजित इस प्रतियोगिता में जिलेभर से 30 से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लेकर स्क्वाट, बेंचप्रेस और डेडलिफ्ट स्पर्धाओं में अपना दमखम दिखाया। प्रतियोगिता का सबसे बड़ा आकर्षण विनीत यादव रहे, जिन्होंने कुल 521 किलोग्राम वजन उठाकर प्रतिष्ठित ‘पावर मैन’ का खिताब अपने नाम किया।

पुलिस अधीक्षक रॉबिंसन गुड़िया के मार्गदर्शन में संचालित माड़ मैत्री अभियान के तहत आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं को फिटनेस, खेल और सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना, स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना तथा उनकी ऊर्जा को रचनात्मक दिशा देना था। जिले में पहली बार आयोजित इस प्रतियोगिता को खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों और दर्शकों से उत्साहजनक प्रतिसाद मिला। पूरे आयोजन के दौरान खेल भावना, अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का माहौल बना रहा।
खिलाड़ियों ने विभिन्न वर्गों में किया शानदार प्रदर्शन
प्रतियोगिता के पुरुष वर्ग 60 किलोग्राम से कम भार वर्ग में भीम देहारी ने प्रथम, कन्हैया कुमेटी ने द्वितीय तथा धर्मेन्द्र सरकार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
पुरुष वर्ग 70 किलोग्राम से कम भार वर्ग में गोलू मंडल प्रथम, चंदन धर द्वितीय और विकास सलाम तृतीय स्थान पर रहे।
पुरुष वर्ग 80 किलोग्राम से कम भार वर्ग में विनीत यादव ने प्रथम, भुवन जायसवाल ने द्वितीय तथा पीतांबर ने तृतीय स्थान हासिल किया।
वहीं महिला ओपन वर्ग में पल्लवी सिंह ने प्रथम, नेहा जैन ने द्वितीय और रितु नेताम ने तृतीय स्थान प्राप्त कर अपनी खेल प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
‘पावर मैन’ बने विनीत यादव
प्रतियोगिता में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए विनीत यादव ने स्क्वाट, बेंचप्रेस और डेडलिफ्ट तीनों स्पर्धाओं में कुल 521 किलोग्राम वजन उठाया। उनके दमदार प्रदर्शन ने उपस्थित खिलाड़ियों और दर्शकों को प्रभावित किया तथा वे प्रतियोगिता के केंद्र बिंदु बने रहे।
खिलाड़ियों की सुविधाओं का रखा गया विशेष ध्यान
नारायणपुर पुलिस ने आयोजन स्थल पर प्रतिभागियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए चिकित्सा सहायता, प्राथमिक उपचार, पेयजल सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध कराईं। इससे खिलाड़ियों को प्रतियोगिता के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा।
विजेताओं को किया सम्मानित
समापन समारोह में मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक रॉबिंसन गुड़िया ने विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी एवं सम्मान प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस दौरान पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे। सभी ने खिलाड़ियों को खेल, अनुशासन और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।
खेल से बढ़ता है आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता : एसपी
पुलिस अधीक्षक रॉबिंसन गुड़िया ने कहा कि खेल केवल शारीरिक क्षमता बढ़ाने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच का भी विकास करते हैं। उन्होंने युवाओं से खेलों और फिटनेस को जीवनशैली का हिस्सा बनाने का आह्वान किया तथा भविष्य में भी ऐसी प्रतियोगिताओं के आयोजन की प्रतिबद्धता जताई।
माड़ मैत्री अभियान से युवाओं को मिल रहा मंच
नारायणपुर पुलिस का माड़ मैत्री अभियान खेल, शिक्षा, संस्कृति और सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देने की दिशा में लगातार कार्य कर रहा है। जिले में पहली बार आयोजित यह पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच देने के साथ-साथ फिट, अनुशासित और सकारात्मक युवा शक्ति के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हुई है।
‘विग्रह से विश्वास’ की अवधारणा को साकार करते हुए नारायणपुर पुलिस खेल, अनुशासन और सकारात्मक गतिविधियों के माध्यम से युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ रही है। पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता का सफल आयोजन इसी सोच का परिणाम है, जो एक स्वस्थ, सशक्त और आत्मनिर्भर समाज के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।




