योगमय हुआ नारायणपुर, हजारों लोगों ने किया सामूहिक योगाभ्यास
12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर कोटुमहर पार्क में उमड़ा जनसैलाब, मंत्री केदार कश्यप ने दिया स्वस्थ जीवन का संदेश

नारायणपुर, 21 जून। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को जिला मुख्यालय स्थित कोटुमहर पार्क योगमय वातावरण में सराबोर हो गया। जिला प्रशासन एवं आयुष विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित भव्य कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों तथा बड़ी संख्या में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर सामूहिक योगाभ्यास किया और निरोगी जीवन के लिए योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ शासन के वन एवं पर्यावरण मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक केदार कश्यप रहे। उनके साथ छत्तीसगढ़ लघु वनोपज संघ के अध्यक्ष रूपसाय सलाम, जनप्रतिनिधि- प्रताप मंडावी और इंद्र कुमार बघेल सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में उपस्थित लोगों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास किया। कार्यक्रम के दौरान योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए वक्ताओं ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो व्यक्ति के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक विकास का आधार है। नियमित योगाभ्यास से न केवल बीमारियों से बचाव संभव है, बल्कि जीवन में सकारात्मक ऊर्जा और आत्मविश्वास का संचार भी होता है।
मुख्य अतिथि केदार कश्यप ने अपने संबोधन में कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ और संतुलित जीवन जीने की जीवनशैली है। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को तनावमुक्त रखते हुए स्वस्थ समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने सभी नागरिकों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने योग को जन-जन तक पहुंचाने तथा स्वस्थ, जागरूक और सशक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया। उत्साह, अनुशासन और व्यापक जनभागीदारी के साथ योग दिवस का आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
योग दिवस की झलकियां
◾ कोटुमहर पार्क में हुआ जिला स्तरीय मुख्य आयोजन।
◾ मंत्री केदार कश्यप की मौजूदगी में हुआ सामूहिक योगाभ्यास।
◾ जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों की रही उल्लेखनीय सहभागिता।
◾ योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान के माध्यम से दिया गया स्वस्थ जीवन का संदेश।
◾ योग को जन-जन तक पहुंचाने का लिया गया संकल्प।




