नारायणपुर

माड़ मैत्री अभियान के योग शिविर से 600 से अधिक ग्रामीणों को मिला लाभ

आईटीबीपी, नारायणपुर पुलिस और पतंजलि योग समिति के संयुक्त प्रयास से तीन दिवसीय शिविर का समापन, पद्मश्री पंडी राम मंडावी रहे मुख्य अतिथि

जेलबाड़ी स्थित आईटीबीपी सामरिक मुख्यालय में हुआ आयोजन, ग्रामीणों, महिलाओं, युवाओं और बच्चों ने उत्साह के साथ किया योगाभ्यास

नारायणपुर। माड़ मैत्री अभियान के तहत नारायणपुर पुलिस, 45वीं एवं 53वीं वाहिनी आईटीबीपी के संयुक्त तत्वावधान में जेलबाड़ी स्थित आईटीबीपी सामरिक मुख्यालय में आयोजित तीन दिवसीय योग शिविर का बुधवार को सफल समापन हुआ। पतंजलि योग समिति के सहयोग से आयोजित शिविर में 600 से अधिक ग्रामीणों, महिलाओं, युवाओं और बच्चों ने भाग लेकर योगाभ्यास के माध्यम से स्वास्थ्य संबंधी लाभ प्राप्त किए।

पुलिस अधीक्षक रॉबिन्सन गुरिया, 45वीं वाहिनी आईटीबीपी के कमांडेंट राजीव गुप्ता तथा 53वीं वाहिनी आईटीबीपी के कमांडेंट संजय कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित शिविर में प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम, ध्यान एवं स्वस्थ जीवनशैली के बारे में जानकारी दी गई। तीन दिनों तक चले आयोजन में आसपास के ग्रामीणों के साथ मीडिया प्रतिनिधियों और सुरक्षा बल के जवानों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

समापन समारोह में मुख्य अतिथि पद्मश्री पंडी राम मंडावी ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाता है। उन्होंने ग्रामीणों और युवाओं से योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

45वीं वाहिनी आईटीबीपी के कमांडेंट राजीव गुप्ता ने कहा कि योग स्वस्थ एवं संतुलित जीवन जीने की वैज्ञानिक पद्धति है। माड़ मैत्री अभियान के माध्यम से स्थानीय समुदाय को स्वास्थ्य, शिक्षा और जनकल्याण से जोड़ने के निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। ऐसे कार्यक्रम सुरक्षा बलों और स्थानीय नागरिकों के बीच विश्वास को और अधिक मजबूत करते हैं।

वहीं, 53वीं वाहिनी आईटीबीपी के कमांडेंट संजय कुमार ने कहा कि योग व्यक्ति के शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक विकास का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी माड़ मैत्री अभियान के तहत जनहित और जागरूकता से जुड़े कार्यक्रमों का आयोजन जारी रहेगा।

आयोजकों के अनुसार, तीन दिवसीय योग शिविर स्थानीय समुदाय में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने और जनसंपर्क को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ। कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए पतंजलि योग समिति, मीडिया प्रतिनिधियों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया गया।

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़ पक्ष पर विपक्ष पर हर एक पक्ष पर निष्पक्ष बेबाक एवं धारदार पत्रकारिता के लिए संकल्पित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page