माड़ मैत्री फुटबॉल का महाकुंभ संपन्न: 70 टीमों के मुकाबले में डीआरजी बनी चैंपियन
कोहकामेटा उपविजेता, पालकी तीसरे स्थान पर; खेल के जरिए पुलिस और युवाओं के बीच भरोसे का सेतु हुआ मजबूत, विजेताओं पर हुई पुरस्कारों की बारिश

नारायणपुर। खेल मैदान में रोमांच, युवाओं का जोश और पुलिस-जनता के बीच बढ़ते विश्वास का अनूठा संगम रविवार को नारायणपुर में देखने को मिला। नारायणपुर पुलिस के ‘माड़ मैत्री’ अभियान के तहत आयोजित फुटबॉल प्रतियोगिता का भव्य समापन हुआ। जिलेभर से 70 से अधिक टीमों के बीच खेले गए मुकाबलों के बाद फाइनल चरण में पहुंची 16 सर्वश्रेष्ठ टीमों ने दमदार खेल का प्रदर्शन किया। रोमांचक फाइनल में डीआरजी ने कोहकामेटा को 1-0 से हराकर माड़ मैत्री फुटबॉल प्रतियोगिता-2026 का खिताब अपने नाम कर लिया, जबकि पालकी ने तीसरा स्थान हासिल किया।
प्रतियोगिता का आयोजन नारायणपुर, बेनूर, छोटेडोंगर और कुतुल जोन में किया गया था। इसका उद्देश्य युवाओं को खेलों से जोड़ना, सकारात्मक गतिविधियों के लिए प्रेरित करना तथा पुलिस और आमजन के बीच आपसी विश्वास एवं सहभागिता को मजबूत करना था।
पेनल्टी शूटआउट में पालकी ने मारी बाजी
तीसरे स्थान के लिए बावड़ी और पालकी के बीच मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। निर्धारित समय तक दोनों टीमें गोल नहीं कर सकीं। इसके बाद पेनल्टी शूटआउट में पालकी ने 2-0 से जीत दर्ज कर तीसरा स्थान अपने नाम किया।
डीआरजी ने जीता खिताब
फाइनल मुकाबले में डीआरजी और कोहकामेटा के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। दोनों टीमों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया, लेकिन निर्णायक गोल के दम पर डीआरजी ने 1-0 से जीत दर्ज करते हुए चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। कोहकामेटा को उपविजेता घोषित किया गया।
विजेताओं पर हुई पुरस्कारों की बारिश
समापन समारोह में विजेता टीम डीआरजी को 13 हजार रुपये नगद एवं विजेता ट्रॉफी, उपविजेता कोहकामेटा को 10 हजार रुपये एवं ट्रॉफी तथा तीसरे स्थान पर रही पालकी को 7 हजार रुपये एवं ट्रॉफी प्रदान की गई।
व्यक्तिगत प्रदर्शन के आधार पर मूलक नाग को बेस्ट गोलकीपर, मनीष कोवाची को बेस्ट प्लेयर तथा रमेश नुरेटी को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
जनप्रतिनिधियों ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह
समापन समारोह के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज संघ के अध्यक्ष रूपसाय सलाम रहे। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष नारायण मरकाम, नगर पालिका अध्यक्ष इंद्र प्रसाद बघेल, उपाध्यक्ष जय प्रकाश शर्मा, भाजपा नगर मंडल महामंत्री बिंदेश पात्र, पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अक्षय सबद्रा, उप पुलिस अधीक्षक आशीष कुमार नेताम, कुलदीप बंजारे, रक्षित निरीक्षक सोनू वर्मा, मोहसिन खान सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पुलिस अधिकारी, खिलाड़ी और खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
खेल से मजबूत हो रहा विश्वास का रिश्ता
मुख्य अतिथियों ने कहा कि खेल केवल जीत-हार का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व, भाईचारे और सामाजिक समरसता का सशक्त मंच है। उन्होंने माड़ मैत्री अभियान के माध्यम से युवाओं को खेलों से जोड़ने और पुलिस-जनता के बीच विश्वास का वातावरण मजबूत करने की पहल की सराहना की।
एसपी बोले- ऐसे आयोजन आगे भी होंगे
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल ने सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी खिलाड़ियों, जनप्रतिनिधियों, रेफरियों, आयोजन समिति, पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों और खेल प्रेमियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि माड़ मैत्री अभियान के माध्यम से खेल, संवाद और जनसहभागिता के जरिए पुलिस एवं आमजन के बीच विश्वास का सेतु लगातार मजबूत हो रहा है। भविष्य में भी ऐसे आयोजन नियमित रूप से किए जाएंगे, ताकि युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच मिले और समाज में शांति, सद्भाव तथा आपसी विश्वास और अधिक सुदृढ़ हो।




