40 डिग्री की तपिश में ‘संवेदना की ड्यूटी’ निभा रहे यातायात जवान

साप्ताहिक बाजार पहुंच रहे ग्रामीणों और राहगीरों को गढ़ बंगाल मोड़ पर ठंडा पानी पिलाते दिखे ASI अंबुज शुक्ला, सोशल मीडिया में तस्वीरें वायरल…
(कैलाश सोनी) नारायणपुर। भीषण गर्मी और तेज धूप के बीच नारायणपुर यातायात पुलिस का मानवीय चेहरा इन दिनों लोगों के दिलों को छू रहा है। रविवार को लगभग 40 डिग्री तापमान के बीच गढ़ बंगाल मोड़ पर ड्यूटी के दौरान यातायात पुलिस के जवान एएसआई अंबुज शुक्ला राहगीरों और यात्रियों को ठंडा पानी पिलाते नजर आए।

रविवार होने के कारण नारायणपुर में साप्ताहिक बाजार भी लगा था। आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण मुख्य सड़क मार्ग से होकर बाजार पहुंच रहे थे। भीषण गर्मी में सफर कर रहे ग्रामीणों, मजदूरों, महिलाओं और बाइक सवारों को राहत देने के उद्देश्य से एएसआई अंबुज शुक्ला ने सड़क किनारे रुककर लोगों को पानी पिलाया।
तस्वीरों में साफ दिखाई दे रहा है कि तेज धूप और गर्म हवाओं के बीच वे खुद खड़े होकर राहगीरों को पानी की बोतलें वितरित कर रहे हैं। यह दृश्य वहां मौजूद लोगों के लिए राहत के साथ-साथ संवेदनशील पुलिसिंग की मिसाल भी बन गया।
स्थानीय लोगों ने कहा कि पुलिस का यह व्यवहार बेहद प्रेरणादायक और मानवीय है। आमतौर पर यातायात व्यवस्था संभालने वाली पुलिस जब सेवा और संवेदना का परिचय देती है तो लोगों के मन में पुलिस के प्रति विश्वास और सम्मान और अधिक बढ़ जाता है।
यातायात प्रभारी मोहसिन खान ने एएसआई अंबुज शुक्ला के इस कार्य की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस केवल कानून व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरतमंदों की सहायता करना भी पुलिस का मानवीय दायित्व है। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के दौरान राहगीरों को राहत पहुंचाना सराहनीय पहल है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुई इन तस्वीरों को आम नागरिकों ने भी खूब सराहा है। लोगों का कहना है कि ऐसे छोटे-छोटे मानवीय प्रयास समाज में सकारात्मक संदेश देने के साथ पुलिस और जनता के बीच बेहतर संबंध स्थापित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।




