बिजली दरों में बढ़ोतरी को लेकर कांग्रेस का हमला, भाजपा सरकार पर महंगाई बढ़ाने का आरोप
कांग्रेस बोली- भूपेश सरकार में 400 यूनिट तक मुफ्त बिजली, पांच साल में सिर्फ 2 पैसे बढ़ी थी दर; भाजपा शासन में ढाई साल में पांच बार हुई वृद्धि

नारायणपुर। बिजली दरों में हालिया बढ़ोतरी को लेकर जिला कांग्रेस ने भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का पुतला दहन करने के एक दिन बाद शुक्रवार को जिला कांग्रेस कमेटी ने प्रेस वार्ता आयोजित कर राज्य सरकार पर आम जनता पर लगातार महंगाई का बोझ डालने का आरोप लगाया। कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के दौरान लाखों परिवारों को 400 यूनिट तक मुफ्त बिजली उपलब्ध कराई जाती थी, जबकि पांच वर्षों में बिजली दरों में केवल दो पैसे की वृद्धि हुई थी।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेश दीवान और शहर कांग्रेस अध्यक्ष रघु मानिकपुरी ने प्रेस वार्ता में कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार ने अपने लगभग ढाई वर्ष के कार्यकाल में पांच बार बिजली दरों में बढ़ोतरी की है। इस बार प्रति यूनिट 30 से 50 पैसे तक की वृद्धि कर आम उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल दिया गया है।
‘महंगाई से परेशान है आम आदमी, विकास कार्य भी ठप’
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि महंगाई के कारण शहर से लेकर गांव तक का अंतिम व्यक्ति परेशान है। रोजगार के अवसर कम हो गए हैं और विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय केंद्र सरकार के निर्देशों के अनुसार काम कर रहे हैं और प्रदेश की जनता पर लगातार महंगाई का बोझ बढ़ाया जा रहा है।
कांग्रेस पदाधिकारियों ने कहा कि खेती-किसानी का समय शुरू हो चुका है, लेकिन जिले में पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता को लेकर भी समस्या बनी हुई है। उन्होंने दावा किया कि पेट्रोल भराने के लिए गौरव पथ से बखरूपारा स्थित कोटगुडिन मंदिर तक करीब ढाई किलोमीटर लंबी कतारें लग रही हैं, जिससे किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
कई पदाधिकारी रहे मौजूद
प्रेस वार्ता में पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रवि देवांगन, ओबीसी प्रकोष्ठ अध्यक्ष माधेश्वर जैन, जिला महासचिव एवं प्रवक्ता अमित भद्र, कोषाध्यक्ष वी.पी. शुक्ला, जिला महासचिव संगठन एवं प्रशासन संजय राय, शेख तौहीद अहमद, शब्बीर बढ़गुजर, यूथ कांग्रेस अध्यक्ष बोधन देवांगन, एनएसयूआई प्रदेश सचिव जय वट्टी, यूथ कांग्रेस महासचिव दीपक गांधी, रमेश ध्रुव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।
राहुल गांधी का जन्मदिन मनाया, केक काटकर बांटी मिठाई
कांग्रेस भवन में पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने मनाया उत्सव
नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के जन्मदिन के अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा कांग्रेस भवन में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने केक काटकर जन्मदिन मनाया तथा एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी साझा की। कार्यक्रम में कांग्रेस के विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।




