नारायणपुर

मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, मंत्री केदार कश्यप ने बढ़ाया हौसला

बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पुस्तक व मिठाई देकर किया सम्मानित

विद्यार्थियों की मांग पर बोले मंत्री- “जिले में जल्द शुरू होगी कोचिंग सुविधा, ग्रामीण प्रतिभाओं को मिलेगा बेहतर मार्गदर्शन”

(कैलाश सोनी) नारायणपुर। जिले के मेधावी विद्यार्थियों के लिए बुधवार का दिन उत्साह, सम्मान और प्रेरणा से भरा रहा। कक्षा 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रदेश के वन एवं जलवायु परिवर्तन, सहकारिता, परिवहन एवं संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप ने सम्मानित किया।

सम्मान समारोह में मंत्री ने विद्यार्थियों को मिठाई खिलाकर और पुस्तक भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया। समारोह का माहौल तालियों और गर्व के भाव से गूंज उठा, जहां विद्यार्थियों की उपलब्धियों को पूरे जिले की सफलता बताया गया।

मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि इन विद्यार्थियों ने कठिन परिस्थितियों में भी मेहनत और लगन के बल पर उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। यह केवल उनके परिवार के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे जिले के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन में बड़े लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करने की प्रेरणा दी।

उन्होंने कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है, जो समाज और क्षेत्र की तस्वीर बदल सकती है। सरकार की प्राथमिकता है कि दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को भी शहरों जैसी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और संसाधन उपलब्ध हों।

कक्षा 10वीं के मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान

कक्षा 10वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों में विश्वदीपति हाई स्कूल नारायणपुर की भाविका देवांगन ने 94.33 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विशेष उपलब्धि हासिल की। वहीं शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नारायणपुर की कविता कोर्राम ने 94 प्रतिशत अंक अर्जित किए।

इसके अलावा सिद्धार्थ सिंह राणा (93.50%), अन्वेषा यादव (92.33%), अमित कुमार वड्डे (92%), रोशन दुग्गा (89.67%), कारण कुमार (89.33%), निर्मला (89.33%), हिमांशु समर्थ (89.17%), वर्षा निषाद (88.67%) और चंद्रकांता कश्यप (88.50%) को भी सम्मानित किया गया।

12वीं बोर्ड के प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को भी मिला सम्मान

कक्षा 12वीं में मुस्कान पटेल ने 92.60 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इसके साथ ही मोक्षिता कश्यप (88.60%), रोशनी पांडे (88.60%), रामसिंह उसेंडी (88.40%), कुमकुम देवांगन (87.40%), सावित्री (87%), मुस्कान कोर्राम (86.60%), राधिका पटेल (86.60%), निखिल रावटे (86.20%) और दर्शिक काटले (85.80%) को सम्मानित किया गया।

सम्मान पाकर विद्यार्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे। अभिभावकों ने भी इस पहल को सराहनीय बताते हुए कहा कि ऐसे सम्मान समारोह बच्चों को आगे बढ़ने की नई प्रेरणा देते हैं।

विद्यार्थियों की मांग पर मंत्री का बड़ा आश्वासन

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने जिले में प्रतियोगी परीक्षाओं और बोर्ड परीक्षाओं की बेहतर तैयारी के लिए कोचिंग क्लास शुरू करने की मांग रखी। इस पर मंत्री केदार कश्यप ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए जल्द ही जिले में कोचिंग सुविधा प्रारंभ कराने का भरोसा दिलाया।

उन्होंने कहा कि कई प्रतिभाशाली विद्यार्थी संसाधनों और मार्गदर्शन के अभाव में पीछे रह जाते हैं। सरकार ऐसे विद्यार्थियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए गंभीरता से कार्य कर रही है।

शिक्षा को लेकर सरकार गंभीर

मंत्री ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में लगातार नए प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि दूरस्थ अंचलों के विद्यार्थियों को भी प्रतिस्पर्धात्मक माहौल और आधुनिक सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने शिक्षकों और अभिभावकों की भी सराहना की, जिन्होंने बच्चों को बेहतर शिक्षा के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में कलेक्टर नम्रता जैन, जिला शिक्षा अधिकारी अशोक कुमार पटेल, शिक्षा मिशन समन्वयक दीनबंधु रावटे सहित जनप्रतिनिधि और शिक्षा विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़ पक्ष पर विपक्ष पर हर एक पक्ष पर निष्पक्ष बेबाक एवं धारदार पत्रकारिता के लिए संकल्पित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page