पीएम सूर्य घर योजना से आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ता नारायणपुर
3 किलोवाट सोलर प्लांट लगाकर राजमन नाग बने प्रेरणा स्रोत, बिजली बिल में बचत के साथ पर्यावरण संरक्षण की मिसाल

“हर घर सोलर” अभियान को मिल रही गति, स्वच्छ ऊर्जा अपनाने की बढ़ी जागरूकता
(कैलाश सोनी) नारायणपुर। जिले में स्वच्छ और हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में सकारात्मक बदलाव दिखाई देने लगा है। केंद्र सरकार की “पीएम सूर्य घर योजना” के तहत नारायणपुर शहर के जागरूक विद्युत उपभोक्ता राजमन नाग ने अपने घर की छत पर 3 किलोवाट क्षमता का सोलर प्लांट स्थापित कर आत्मनिर्भरता की ओर महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है। उनकी यह पहल अब जिले में अन्य लोगों के लिए भी प्रेरणा बन रही है।

सोलर प्लांट स्थापित होने के बाद अब राजमन नाग को बिजली बिल में उल्लेखनीय बचत होने के साथ पर्यावरण संरक्षण में भी योगदान देने का अवसर मिलेगा। उन्होंने बताया कि योजना की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने सोलर ऊर्जा को अपनाने का निर्णय लिया, जो उनके लिए बेहद लाभकारी साबित हो रहा है।
यह सोलर सिस्टम नारायणपुर के अधिकृत वेंडर अरु सोलर सोलुसशन के माध्यम से स्थापित किया गया। राजमन नाग ने बताया कि विद्युत विभाग नारायणपुर के सहायक अभियंता बिरेंद्र कोसले एवं संबंधित वेंडर द्वारा योजना की पूरी जानकारी सरल और स्पष्ट तरीके से उपलब्ध कराई गई। आवेदन प्रक्रिया से लेकर स्थापना तक हर चरण में उन्हें पूरा सहयोग मिला, जिससे प्रक्रिया सहज और पारदर्शी बनी रही।
उन्होंने कहा कि पीएम सूर्य घर योजना आम नागरिकों के लिए बेहद उपयोगी योजना है। इससे जहां बिजली खर्च में कमी आती है, वहीं स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देकर पर्यावरण संरक्षण में भी मदद मिलती है। उनका मानना है कि आने वाले समय में सौर ऊर्जा आत्मनिर्भर भारत की मजबूत आधारशिला बनेगी।
जिला प्रशासन और विद्युत विभाग ने जिले के नागरिकों से अपील की है कि वे भी इस योजना का लाभ उठाकर अपने घरों की छतों पर सोलर सिस्टम स्थापित करें और “हर घर सोलर” अभियान को सफल बनाने में भागीदारी निभाएं। प्रशासन का कहना है कि सौर ऊर्जा अपनाने से न केवल आर्थिक बचत होगी, बल्कि ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरण संतुलन की दिशा में भी बड़ा योगदान मिलेगा।


