खेल

नारायणपुर में फुटबॉल का महाकुंभ, मणिपुर-बंगाल-छत्तीसगढ़ की दमदार जीत से आगाज़

स्वामी विवेकानंद अंडर-20 राष्ट्रीय प्रतियोगिता शुरू • पहले ही दिन दिखा युवा खिलाड़ियों का दमखम • 1200 दर्शकों की मौजूदगी में रोमांचक मुकाबले

(कैलाश सोनी) नारायणपुर। रामकृष्ण मिशन आश्रम परिसर शनिवार सुबह फुटबॉल के जोश और उत्साह से गूंज उठा, जब तृतीय स्वामी विवेकानंद अंडर-20 राष्ट्रीय फुटबॉल प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। देशभर की टीमों के बीच शुरू हुए इस राष्ट्रीय आयोजन के पहले ही दिन रोमांच, कौशल और तेजतर्रार खेल का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला।

सुबह 7:30 बजे खेले गए उद्घाटन मुकाबले में मणिपुर ने नागालैंड को 5-1 से करारी शिकस्त देकर अपने इरादे जता दिए। पहले हाफ में दोनों टीमें 1-1 की बराबरी पर थीं, लेकिन दूसरे हाफ में मणिपुर ने आक्रामक रणनीति अपनाते हुए लगातार चार गोल दागकर मैच एकतरफा कर दिया।

इसके बाद 7:45 बजे हुए दूसरे मुकाबले में बंगाल ने कर्नाटक को 2-1 से हराया। पहले हाफ में बढ़त बनाने के बाद बंगाल को दूसरे हाफ में कर्नाटक ने बराबरी पर ला दिया, लेकिन अंतिम क्षणों में विपक्षी टीम की चूक का फायदा उठाते हुए बंगाल ने निर्णायक गोल दागकर जीत अपने नाम कर ली।

दिन के तीसरे मुकाबले में मेजबान छत्तीसगढ़ ने दमन और दीव को 5-0 से रौंदते हुए शानदार प्रदर्शन किया। पहले हाफ में ही छत्तीसगढ़ ने पांच गोल ठोककर मैच पर पूरी तरह कब्जा जमा लिया। सतीश वड्डे ने दो गोल किए, जबकि शुभदीप मुंडा, इंद्रजीत और वीरेंद्र ने एक-एक गोल दागा। दूसरे हाफ में दमन-दीव ने रक्षात्मक खेल दिखाया, जिससे छत्तीसगढ़ आगे गोल नहीं कर सका।


आध्यात्मिक गरिमा के साथ हुआ शुभारंभ
प्रतियोगिता का उद्घाटन रामकृष्ण मठ एवं मिशन के वरिष्ठ संन्यासी श्रीमत स्वामी लोकेशानंद जी महाराज, स्वामी पूर्णानंद जी महाराज, आश्रम के सचिव स्वामी व्याप्तानंद जी तथा अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ के कार्यकारी सदस्य मोहन लाल जी की उपस्थिति में संपन्न हुआ।

दूसरे मैच के अवसर पर स्वामी कृष्णमृतानंद (सचिव, रामकृष्ण मिशन ग्वालियर), स्वामी वसुदानंद जी, ओमप्रकाश वर्मा एवं वीरेंद्र वर्मा भी मौजूद रहे।


दर्शकों का उत्साह चरम पर
प्रतियोगिता के पहले दिन ही करीब 1200 दर्शकों की मौजूदगी ने माहौल को और अधिक जीवंत बना दिया। हर गोल पर तालियों और उत्साह का शोर मैदान में गूंजता रहा, जिससे खिलाड़ियों का हौसला और बढ़ा।


युवा प्रतिभाओं का मंच बना नारायणपुर
राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता ने एक बार फिर साबित किया कि नारायणपुर अब खेलों के बड़े मंच के रूप में उभर रहा है, जहां देशभर के युवा खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़ पक्ष पर विपक्ष पर हर एक पक्ष पर निष्पक्ष बेबाक एवं धारदार पत्रकारिता के लिए संकल्पित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page