नारायणपुर

डी-माइनिंग के दौरान IED ब्लास्ट, 4 जवान शहीद

छोटेबेठिया क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन के दौरान हादसा • कांकेर DRG टीम को बड़ा नुकसान • घायल जवान ने रायपुर में तोड़ा दम

कांकेर/नारायणपुर, 2 मई। नक्सल प्रभावित बस्तर संभाग के कांकेर जिले में शनिवार को डी-माइनिंग अभियान के दौरान हुए आईईडी विस्फोट में पुलिस बल को बड़ा नुकसान उठाना पड़ा। छोटेबेठिया थाना क्षेत्र के कांकेर-नारायणपुर सीमा पर सर्च ऑपरेशन के दौरान हुए हादसे में डीआरजी (डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड) के चार जवान शहीद हो गए।

पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के अनुसार, टीम एरिया डॉमिनेशन और डी-माइनिंग अभियान पर निकली थी। इसी दौरान छिपाए गए आईईडी को निष्क्रिय करते समय अचानक विस्फोट हो गया। विस्फोट इतना तीव्र था कि मौके पर ही तीन जवानों ने दम तोड़ दिया, जबकि एक घायल जवान ने इलाज के दौरान रायपुर में अंतिम सांस ली।

शहीद होने वालों में इंस्पेक्टर सुखराम वट्टी, कॉन्स्टेबल कृष्णा कोमरा और बस्तर फाइटर कॉन्स्टेबल संजय गढ़पाले की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल बस्तर फाइटर कॉन्स्टेबल परमानंद कोर्राम को तत्काल रायपुर रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उनका निधन हो गया।

बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पट्टिलिंगम ने बताया कि हाल के महीनों में आत्मसमर्पित माओवादियों से मिली सूचनाओं के आधार पर सुरक्षा बलों ने सैकड़ों आईईडी बरामद कर निष्क्रिय किए हैं। बावजूद इसके, जंगलों में पहले से छिपाकर रखे गए विस्फोटक अब भी खतरा बने हुए हैं। इसी क्रम में डी-माइनिंग के दौरान यह दुर्भाग्यपूर्ण हादसा हुआ।

घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि आगे की जानकारी समय-समय पर साझा की जाएगी।

बस्तर में नक्सलियों के छिपाए पुराने आईईडी अब भी बन रहे जानलेवा, डी-माइनिंग टीम पर भारी पड़ा जोखिम

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़ पक्ष पर विपक्ष पर हर एक पक्ष पर निष्पक्ष बेबाक एवं धारदार पत्रकारिता के लिए संकल्पित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page