जमीन पर बैठकर सुनी ग्रामीणों की बात, माड़ मैत्री चौपाल में बढ़ा भरोसे का रिश्ता
सोनपुर के कदेर गांव में एएसपी अक्षय साबद्रा और थाना प्रभारी कृष्णा साहू ने किया सीधा संवाद

“विग्रह से विश्वास” की पहल के तहत बने ‘माड़ मित्र’, पुलिस और ग्रामीणों के बीच खेला गया मैत्री वॉलीबॉल मैच
(कैलाश सोनी ) नारायणपुर। अबूझमाड़ के अंदरूनी क्षेत्रों में पुलिस और ग्रामीणों के बीच भरोसे की नई मिसाल कायम करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे “माड़ मैत्री अभियान” के तहत सोनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कदेर में “माड़ मैत्री चौपाल” का आयोजन किया गया। चौपाल में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अक्षय साबद्रा और थाना प्रभारी कृष्णा साहू ग्रामीणों के बीच जमीन पर बैठकर सीधे संवाद करते नजर आए। आत्मीय माहौल में आयोजित इस कार्यक्रम ने पुलिस और ग्रामीणों के बीच दूरी कम करने का संदेश दिया।

पुलिस अधीक्षक रॉबिंसन गुड़िया के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में एएसपी अक्षय साबद्रा ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके निराकरण का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि नारायणपुर पुलिस का ध्येय वाक्य “विग्रह से विश्वास” है और पुलिस हर परिस्थिति में ग्रामीणों की सुरक्षा, सहायता और सहयोग के लिए प्रतिबद्ध है।
सहज भाषा में दी अधिकारों और योजनाओं की जानकारी
चौपाल के दौरान ग्रामीण महिलाओं, पुरुषों, युवाओं और बच्चों को सरल भाषा में उनके अधिकारों, शासकीय योजनाओं और कानून व्यवस्था से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को जागरूक करते हुए कहा कि किसी भी समस्या की जानकारी बिना डर पुलिस तक पहुंचाएं।
गांव के युवाओं को मिली नई जिम्मेदारी
पुलिस और ग्रामीणों के बीच समन्वय मजबूत करने के उद्देश्य से गांव के युवाओं को “माड़ मित्र” के रूप में नामित किया गया। इन युवाओं की जिम्मेदारी गांव की गतिविधियों और समस्याओं की जानकारी पुलिस तक पहुंचाने की होगी, जिससे आपसी संवाद और सहयोग को मजबूती मिलेगी।
वॉलीबॉल मैच बना आकर्षण का केंद्र
कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम, ग्रामीणों और “माड़ मित्रों” के बीच मैत्रीपूर्ण वॉलीबॉल मैच का आयोजन भी किया गया। खेल के माध्यम से आत्मीयता और सहभागिता का अनूठा माहौल देखने को मिला। मैच के बाद खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए पुलिस विभाग की ओर से वॉलीबॉल और नेट वितरित किए गए, ताकि क्षेत्र के युवा खेल गतिविधियों से जुड़कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाएं।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने नारायणपुर पुलिस की इस संवेदनशील पहल, जनसंपर्क और खेल गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से पुलिस और समाज के बीच विश्वास का रिश्ता और मजबूत हो रहा है।




