अब एक मिस्ड कॉल पर मिलेगी वनोपज और बाजार भाव की जानकारी
वन मंत्री केदार कश्यप ने ‘वनोपज संरक्षण वाणी’ सेवा की शुरुआत की, 13 लाख संग्राहक परिवारों को स्थानीय भाषाओं में मिलेगा योजनाओं का अपडेट

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने वनांचल में रहने वाले वनोपज संग्राहकों को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने नया रायपुर स्थित अपने निवास कार्यालय से “छत्तीसगढ़ वनोपज संरक्षण वाणी” एवं आईवीआरएस आधारित सूचना एवं संवाद प्रणाली का शुभारंभ किया। इस नई व्यवस्था के जरिए राज्य के 13 लाख से अधिक वनोपज संग्राहक परिवारों को बाजार भाव, सरकारी योजनाओं और आजीविका से जुड़ी जानकारी अब एक फोन कॉल पर उपलब्ध होगी।

सरकार की इस पहल को वनाधारित अर्थव्यवस्था और जनजातीय समुदायों के सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। नई तकनीक के माध्यम से दूरस्थ वन क्षेत्रों में रहने वाले संग्राहकों तक उनकी स्थानीय भाषाओं में जानकारी पहुंचाई जाएगी, जिससे योजनाओं का लाभ सीधे अंतिम व्यक्ति तक पहुंचेगा।
मिस्ड कॉल से मिलेगी जानकारी
नई व्यवस्था के तहत संग्राहकों को टोल फ्री नंबर 9811125813 पर मिस्ड कॉल देना होगा। इसके बाद 911 से शुरू होने वाले नंबर से कॉल बैक आएगा। कॉल रिसीव करते ही उपयोगकर्ता हल्बी, गोंडी समेत स्थानीय बोलियों में महत्वपूर्ण जानकारियां सुन सकेंगे। इसके साथ ही संग्राहक अपनी राय, सुझाव और अनुभव भी रिकॉर्ड कर सकेंगे।
बिचौलियों पर घटेगी निर्भरता
आईवीआरएस आधारित इस प्रणाली के जरिए जंगल संरक्षण, सतत वनोपज संग्रहण, बाजार भाव और विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी सीधे संग्राहकों तक पहुंचेगी। बाजार मूल्य की सही जानकारी मिलने से बिचौलियों पर निर्भरता कम होगी और संग्राहकों की आय में बढ़ोतरी होने की उम्मीद है। विशेषज्ञों के अनुसार यह व्यवस्था वनाधारित आजीविका को अधिक संगठित और मजबूत बनाएगी।
तकनीक और जनसहभागिता का संगम
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि वनोपज संग्राहकों के जीवन स्तर में सुधार सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक के जरिए दूरस्थ क्षेत्रों तक जानकारी पहुंचाने का यह प्रयास लाखों परिवारों की आजीविका को मजबूत करेगा। उन्होंने “वनोपज संरक्षण वाणी” को तकनीक और जनसहभागिता का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।
यह पहल छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज (व्यापार एवं विकास) सहकारी संघ मर्यादित, रायपुर द्वारा संचालित की जा रही है। कार्यक्रम में संघ की प्रबंध संचालक संजीता गुप्ता, डीजीएम जाधव सागर रामचंद्र, महाप्रबंधक सुबीर कुमार दत्ता सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।




