नारायणपुर

नारायणपुर में गूंजा ‘भारत माता की जय’ का जयघोष, तिरंगा लेकर सड़कों पर उतरे जवान

58वीं वाहिनी सीमा सुरक्षा बल की ‘हर घर तिरंगा’ मोटरसाइकिल रैली, तेलसी से नारायणपुर-बिंजली तक दिखा देशभक्ति का उत्साह

नारायणपुर। स्वतंत्रता दिवस के पहले नारायणपुर में देशभक्ति का रंग नजर आया। 58वीं वाहिनी सीमा सुरक्षा बल की ओर से गुरुवार को मुख्यालय तेलसी से भव्य ‘हर घर तिरंगा’ मोटरसाइकिल रैली निकाली गई। हाथों में तिरंगा थामे जवान जब मोटरसाइकिलों पर सवार होकर निकले तो रास्तेभर भारत माता के जयकारों और वंदे मातरम् के उद्घोष से माहौल गूंज उठा। रैली का उद्देश्य राष्ट्रीय एकता, अखंडता और राष्ट्रध्वज के सम्मान के साथ आम नागरिकों को अपने घरों पर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित करना रहा।

रैली का शुभारंभ सुबह 7 बजे मुख्यालय तेलसी से हुआ। इसके बाद जवानों का काफिला ग्राम गुरिया, सुईयांगा, नारायणपुर, बिंजली और तेलसी सहित विभिन्न क्षेत्रों से होकर गुजरा। करीब दो घंटे बाद सुबह 9 बजे रैली वापस मुख्यालय तेलसी पहुंची।

रास्ते में नागरिकों ने किया स्वागत

रैली में 58वीं वाहिनी सीमा सुरक्षा बल के अधिकारियों और जवानों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। कार्यवाहक समादेष्टा अरविंद कुमार शर्मा की उपस्थिति में आयोजित रैली में उप समादेष्टा नवीन कुमार, सहायक समादेष्टा सुभाष चंद्र सहित अधीनस्थ अधिकारी और जवान शामिल हुए।

रैली के दौरान जवानों ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर लोगों को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से जुड़ने का संदेश दिया। मार्ग में स्थानीय नागरिकों ने भी जवानों का उत्साहपूर्वक स्वागत किया। तिरंगा लहराते जवानों के काफिले के बीच ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के नारों से वातावरण देशभक्ति से सराबोर रहा।

‘राष्ट्र प्रथम’ का दिया संदेश

सीमा सुरक्षा बल के अधिकारियों ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि उन स्वतंत्रता सेनानियों और वीर जवानों के त्याग, तपस्या और बलिदान को याद करने का दिन है, जिनके कारण आज देश का तिरंगा पूरे गौरव के साथ लहरा रहा है।

‘हर घर तिरंगा’ मोटरसाइकिल रैली के माध्यम से नागरिकों में राष्ट्र प्रथम, राष्ट्रीय एकता, अखंडता और राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान की भावना को और मजबूत करने का संदेश दिया गया। सीमा सुरक्षा बल ने कहा कि देश की सीमाओं की सुरक्षा के साथ राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा तथा नागरिकों में राष्ट्रभक्ति की भावना मजबूत करना भी उसकी प्रतिबद्धता है।

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़ पक्ष पर विपक्ष पर हर एक पक्ष पर निष्पक्ष बेबाक एवं धारदार पत्रकारिता के लिए संकल्पित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page