15 अगस्त से पहले परखी तैयारियां, फुल ड्रेस रिहर्सल में दिखा देशभक्ति का रंग
कलेक्टर नम्रता जैन और एसपी संदीप पटेल ने लिया जायजा, ध्वजारोहण से लेकर सम्मान समारोह और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों तक हुआ अंतिम अभ्यास

नारायणपुर। स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप देने गुरुवार को शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खेल मैदान में फुल ड्रेस रिहर्सल हुई। कलेक्टर नम्रता जैन और पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल ने सुबह 9 बजे समारोह स्थल पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान मुख्य समारोह में होने वाली सभी गतिविधियों का निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अंतिम अभ्यास किया गया।

ध्वजारोहण से सम्मान तक हुआ अभ्यास
रिहर्सल में मुख्य अतिथि के आगमन से लेकर ध्वजारोहण, हर्ष सूचक गुब्बारे छोड़ने, मुख्यमंत्री के संदेश वाचन, शहीदों के परिजनों के सम्मान और परेड कमांडरों से परिचय की प्रक्रिया को दोहराया गया। अपर कलेक्टर बीरेंद्र बहादुर पंचभाई ने मुख्य अतिथि की भूमिका निभाई।
पुलिस, स्वास्थ्य विभाग और मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान कार्यक्रम का भी अभ्यास किया गया। परेड में शामिल जवानों और अन्य दलों ने निर्धारित क्रम के अनुसार अपनी प्रस्तुति दी।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की भी रिहर्सल
स्वतंत्रता दिवस समारोह में स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत किए जाने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी अंतिम अभ्यास हुआ। देशभक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुतियों के लिए विद्यार्थियों ने मंच पर अपनी प्रस्तुति दी। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक नारायण प्रसाद साहू एवं परियोजना अधिकारी प्रतिभा शर्मा ने किया।
अधिकारियों ने परखी व्यवस्थाएं
कलेक्टर और एसपी ने समारोह स्थल पर मंच, परेड, ध्वजारोहण स्थल, कार्यक्रम संचालन और अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने समारोह को व्यवस्थित और गरिमापूर्ण ढंग से आयोजित करने के लिए आवश्यक तैयारियों को अंतिम रूप दिया।
इस दौरान जिला पंचायत सीईओ आकांक्षा शिक्षा खलखो, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अजय सिंह, अक्षय सबद्रा, एसडीएम अभयजीत मंडावी, डिप्टी कलेक्टर सौरभ दीवान, तहसीलदार सौरभ चौरसिया, जिला शिक्षा अधिकारी महेंद्रनाथ पांडे, नगर पालिका सीएमओ रामचंद यादव सहित जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
अब 15 अगस्त को मुख्य समारोह में देशभक्ति, परेड, सम्मान और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ स्वतंत्रता दिवस का उत्सव मनाया जाएगा।




