सोनपुर में गूंजा भारत माता का जयघोष, तिरंगे के साथ निकली भव्य यात्रा
बीएसएफ जवानों, स्कूली बच्चों और ग्रामीणों ने लिया हिस्सा, हर घर तिरंगा फहराने का किया आह्वान

नारायणपुर। अबूझमाड़ के बीच बसे ग्राम सोनपुर में बुधवार को देशभक्ति का नजारा देखने को मिला। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत गांव में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में बीएसएफ कैंप के जवानों के साथ स्कूली छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। हाथों में तिरंगा थामे ग्रामीण और विद्यार्थी जब गांव की गलियों से निकले तो भारत माता के जयघोष और देशभक्ति के नारों से माहौल गूंज उठा।

तिरंगे के साथ गांव में निकला कारवां
तिरंगा यात्रा के दौरान ग्रामीणों और विद्यार्थियों ने हाथों में राष्ट्रध्वज लेकर पूरे गांव का भ्रमण किया। यात्रा के माध्यम से राष्ट्रध्वज के सम्मान, राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश दिया गया। बीएसएफ जवानों की मौजूदगी और ग्रामीणों की सहभागिता ने आयोजन को विशेष बना दिया।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को सफल बनाने और स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रत्येक घर में तिरंगा फहराने का आह्वान किया गया। ग्रामीणों और विद्यार्थियों में आयोजन को लेकर खासा उत्साह नजर आया।

जनप्रतिनिधियों से लेकर जवानों तक हुए शामिल
तिरंगा यात्रा में जिला पंचायत सदस्य हीना नाग, सरपंच चमेली भंडारी, उपसरपंच दयाराम भंडारी, सेवानिवृत्त शिक्षक एवं वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता आर.एस. धनेलिया, भाजपा किसान मोर्चा जिला उपाध्यक्ष कार्तिक परिहार, हल्बा समाज अध्यक्ष किसन भंडारी सहित पारसमल भंडारी, टेकेंद्र भंडारी, तेंदुलकर भंडारी, हेमंत परिहार और अशोक गुरु शामिल रहे।
इसके अलावा विद्यालय के शिक्षकगण, बीएसएफ कैंप के जवान और बड़ी संख्या में ग्रामवासी भी यात्रा में शामिल हुए।
अबूझमाड़ में देशभक्ति का संदेश
अबूझमाड़ की धरती पर निकली यह तिरंगा यात्रा केवल स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों तक सीमित नहीं रही, बल्कि ग्रामीणों में देश के प्रति गौरव, एकता और राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करने का माध्यम बनी। तिरंगे के साथ एकजुट होकर निकले ग्रामीणों और विद्यार्थियों ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता भी व्यक्त की।




