नारायणपुर

मोबाइल वापसी अभियान में बड़ी सफलता: 21 मोबाइल बरामद, मालिकों को लौटाए

साइबर सेल की सक्रियता से ₹3.15 लाख से अधिक के गुम मोबाइल मिले, सामुदायिक पुलिसिंग की सराहनीय पहल

नारायणपुर, 28 अप्रैल। जिले में साइबर पुलिस टीम द्वारा चलाए जा रहे सामुदायिक पुलिसिंग अभियान ‘‘मोबाइल वापसी’’ के तहत उल्लेखनीय सफलता हासिल हुई है। अभियान के दौरान विभिन्न स्थानों से गुम हुए कुल 21 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को लौटा दिए गए। बरामद मोबाइलों की कुल कीमत लगभग ₹3,15,000 से अधिक आंकी गई है।

मंगलवार को पुलिस अधीक्षक रोबिनसन गुड़िया के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में बरामद मोबाइल संबंधित मालिकों को विधिवत सुपुर्दनामे के आधार पर सौंपे गए। अपने खोए मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरों पर खुशी साफ झलकती नजर आई।

पुलिस अधीक्षक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अक्षय साबद्रा, अजय कुमार, सुशील कुमार नायक एवं ऐश्वर्य चन्द्राकर के मार्गदर्शन में यह अभियान संचालित किया जा रहा है। साइबर सेल एवं थानों में लगातार प्राप्त हो रहे गुम मोबाइल व साइबर फ्रॉड से संबंधित आवेदनों को गंभीरता से लेते हुए उप पुलिस अधीक्षक अजय सिंह के पर्यवेक्षण में विशेष टीम गठित कर मोबाइलों की खोजबीन की गई।

अभियान में निरीक्षक दिनेश कुमार चंद्रा, सहायक उप निरीक्षक राजकुमार शोरी सहित साइबर टीम और वॉलंटियर्स की महत्वपूर्ण भूमिका रही। टीम ने तकनीकी सहायता से मोबाइलों का पता लगाकर उन्हें बरामद किया।

साइबर जागरूकता पर भी जोर
मोबाइल वितरण के दौरान पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों को साइबर अपराध से बचाव के उपायों की जानकारी भी दी। लोगों को मोबाइल सुरक्षित रखने, पासवर्ड लगाने एवं संदिग्ध कॉल/लिंक से सतर्क रहने की सलाह दी गई।

जनता से अपील
पुलिस ने अपील की है कि मोबाइल गुम होने पर तत्काल CEIR पोर्टल पर जानकारी दर्ज करें और नजदीकी थाना या साइबर सेल से संपर्क करें। वहीं बैंकिंग धोखाधड़ी की स्थिति में तुरंत 1930 हेल्पलाइन पर कॉल करने या साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी गई है।

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़ पक्ष पर विपक्ष पर हर एक पक्ष पर निष्पक्ष बेबाक एवं धारदार पत्रकारिता के लिए संकल्पित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page