टेलीकॉम ट्रेड इंटर्नशिप से निखरी विद्यार्थियों की डिजिटल दक्षता
भाटपाल स्कूल के 39 विद्यार्थियों को 800 घंटे के प्रशिक्षण के बाद मिले प्रमाण पत्र, उज्ज्वल भविष्य की जताई उम्मीद

नारायणपुर/भाटपाल। डिजिटल युग की जरूरतों के अनुरूप कौशल विकास की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय भाटपाल के विद्यार्थियों को टेलीकॉम ट्रेड के तहत इंटर्नशिप प्रशिक्षण पूर्ण करने पर प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। इस प्रशिक्षण से विद्यार्थियों में तकनीकी दक्षता के साथ आत्मविश्वास का भी विकास हुआ है।
जानकारी के अनुसार, राज्य माध्यमिक शिक्षा अभियान रायपुर (छत्तीसगढ़) के निर्देशानुसार विद्यालय के विद्यार्थियों ने अटल डिजिटल लोक सेवा केन्द्र भाटपाल में टेलीकॉम ट्रेड के अंतर्गत कुल 800 घंटे का प्रशिक्षण प्राप्त किया। यह प्रशिक्षण विगत सत्र 2025-26 के दौरान संपन्न हुआ, जिसमें विद्यार्थियों को कंप्यूटर तकनीक और टेलीकॉम क्षेत्र की बारीकियों से अवगत कराया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम विद्यालय के प्राचार्य भरत चंद्र देहारी एवं टेलीकॉम व्यावसायिक प्रशिक्षक के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। वहीं अटल डिजिटल लोक सेवा केन्द्र के संचालक देवनाथ सलाम ने विद्यार्थियों को 10 दिवसीय विशेष प्रशिक्षण सत्र के माध्यम से व्यावहारिक जानकारी प्रदान की।
इस इंटर्नशिप में कक्षा 11वीं के 23 और कक्षा 12वीं के 16 विद्यार्थियों सहित कुल 39 विद्यार्थियों ने भाग लिया। प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद सभी विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए, जिससे उनके चेहरे पर खुशी और आत्मसंतोष स्पष्ट झलकता नजर आया।
कार्यक्रम के दौरान देवनाथ सलाम ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह प्रशिक्षण उनके भविष्य के लिए मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि डिजिटल तकनीक में पारंगत होना आज के समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है और इस तरह के प्रशिक्षण युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने में सहायक सिद्ध होंगे।
विद्यालय प्रबंधन ने भी इस पहल को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए भविष्य में ऐसे और कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही।

अटल डिजिटल लोक सेवा केन्द्र भाटपाल में टेलीकॉम ट्रेड इंटर्नशिप पूर्ण कर प्रमाण पत्र प्राप्त करते विद्यार्थी।




