अंबेडकर जयंती पर नारायणपुर में प्रेरणादायी आयोजन
लिंगो मुदियाल कृषि महाविद्यालय में माल्यार्पण, विचार गोष्ठी व प्रतियोगिताओं के जरिए बाबा साहेब के संदेशों को किया आत्मसात

नारायणपुर। भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर जिले के लिंगो मुदियाल कृषि महाविद्यालय में श्रद्धा, उत्साह और प्रेरणा से ओत-प्रोत कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन डॉ. रत्ना नाशिने के मार्गदर्शन में किया गया, जिसमें प्राध्यापकों और छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इसके बाद आयोजित विचार गोष्ठी में वक्ताओं ने डॉ. अंबेडकर के जीवन, उनके संघर्ष और उनके विचारों पर प्रकाश डालते हुए उन्हें आज भी प्रासंगिक बताया।
इंचार्ज डीन डॉ. नवीन मरकाम ने अपने संबोधन में कहा कि डॉ. अंबेडकर का जीवन समानता, शिक्षा और अधिकारों के प्रति सजग रहने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि समाज में समरसता स्थापित करने के लिए उनके विचारों को अपनाना समय की आवश्यकता है।
डॉ. मदन लाल कुर्रे ने कहा कि बाबा साहेब के विचार आज भी समाज को दिशा देने का कार्य कर रहे हैं। युवाओं को उनके आदर्शों को आत्मसात कर अपने जीवन में आगे बढ़ना चाहिए। वहीं डॉ. पुष्पराज ने शिक्षा को सामाजिक परिवर्तन का सबसे सशक्त माध्यम बताते हुए कहा कि यही बाबा साहेब का मूल संदेश भी रहा है।
डॉ. सविता आदित्य ने अपने विचार रखते हुए कहा कि डॉ. अंबेडकर का जीवन संघर्ष, समर्पण और सामाजिक न्याय का प्रतीक है। उनका व्यक्तित्व हर वर्ग के लोगों के लिए प्रेरणास्रोत है, जिससे सीख लेकर समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के लिए भाषण, निबंध लेखन एवं जागरूकता कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इन गतिविधियों के माध्यम से युवाओं को बाबा साहेब के विचारों से जुड़ने और उन्हें व्यवहार में लाने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने सामाजिक समानता, शिक्षा के प्रसार और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का संचालन भीवेश देवांगन ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन कुनाल अग्रवाल द्वारा किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

अंबेडकर जयंती पर लिंगो मुदियाल कृषि महाविद्यालय, नारायणपुर में आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित प्राध्यापक एवं छात्र-छात्राएं।




