छत्तीसगढ़

पीएम आवास के नाम पर गरीबों से 5.09 लाख की वसूली, दो ठेकेदारों पर FIR

बैगा जनजाति के 9 हितग्राहियों से राशि लेने के बाद भी नहीं बनाए आवास, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा—गरीबों के हक पर डाका डालने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

रायपुर, 16 अक्टूबर 2026। प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के तहत गरीबों और जरूरतमंद परिवारों को पक्का मकान उपलब्ध कराने की योजना में गड़बड़ी का मामला सामने आया है। कबीरधाम जिले के बोड़ला विकासखंड में आवास निर्माण के नाम पर बैगा जनजाति के 9 हितग्राहियों से कुल 5 लाख 9 हजार रुपए लेने और आवास निर्माण नहीं करने की शिकायत पर दो ठेकेदारों के खिलाफ अलग-अलग थानों में एफआईआर दर्ज की गई है।

मामले को लेकर उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने सख्त रुख अपनाते हुए स्पष्ट किया है कि प्रधानमंत्री आवास योजना में अनियमितता, लापरवाही और हितग्राहियों के साथ धोखाधड़ी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। गरीबों के हक की राशि का दुरुपयोग करने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

डेढ़ साल बाद भी नहीं बने मकान, राशि भी नहीं लौटाई

राजाढ़ार में पांच हितग्राहियों से 3.20 लाख रुपए लेने का आरोप

कबीरधाम जिले के विकासखंड बोड़ला की ग्राम पंचायत राजाढ़ार में प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के पांच हितग्राहियों से आवास निर्माण के नाम पर कुल 3 लाख 20 हजार रुपए लेने की शिकायत सामने आई है। आरोप है कि राशि लेने के बावजूद करीब डेढ़ साल बीतने पर भी आवासों का निर्माण नहीं कराया गया और न ही हितग्राहियों की रकम वापस की गई।

शिकायत के आधार पर ठेकेदार कुमार मेरावी के विरुद्ध 14 अक्टूबर को थाना चिल्फी में भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 318(4) के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।

शिकायत में ग्राम राजाढ़ार के देवसिंह से 60 हजार रुपए, मंधोर बाई से 60 हजार रुपए, पुसीया बाई से 60 हजार रुपए, कौशिल्या बाई से 80 हजार रुपए और ननकी बाई से 60 हजार रुपए लेने का उल्लेख है।

आमानारा में भी चार हितग्राही हुए प्रभावित

1.89 लाख रुपए लेने की शिकायत पर दूसरे ठेकेदार के खिलाफ अपराध दर्ज

इसी विकासखंड की ग्राम पंचायत आमानारा में भी प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के चार हितग्राहियों से आवास निर्माण के नाम पर राशि लेने की शिकायत दर्ज कराई गई है। इस मामले में ठेकेदार तुमेश गोड़ के विरुद्ध 13 अक्टूबर को थाना तरेगांव जंगल में एफआईआर दर्ज की गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बैसाखू बैगा से 64 हजार रुपए, सुकोर बाई से 60 हजार रुपए, सोनिया बाई से 45 हजार रुपए और रनो बाई से 20 हजार रुपए लेने की शिकायत है। इस मामले में कुल 1 लाख 89 हजार रुपए की राशि का उल्लेख किया गया है। पुलिस ने अपराध क्रमांक 420 के तहत मामला दर्ज किया है।

गरीबों के हक की राशि का दुरुपयोग बर्दाश्त नहीं : विजय शर्मा

उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की मंशा है कि प्रत्येक जरूरतमंद परिवार को पक्का आवास मिले। विशेष रूप से दूरस्थ वनांचलों में रहने वाले विशेष पिछड़ी जनजाति के परिवारों को सुरक्षित और सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना केवल मकान बनाने की योजना नहीं, बल्कि गरीब परिवारों के जीवन में सुरक्षा, सम्मान और स्थायित्व लाने का माध्यम है। आवास निर्माण के लिए स्वीकृत राशि पर हितग्राहियों का अधिकार है। इस राशि का दुरुपयोग करने या निर्माण के नाम पर हितग्राहियों को परेशान करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य हितग्राहियों को समय पर पक्का आवास उपलब्ध कराना है। निर्माण कार्यों में लापरवाही या अनियमितता सामने आने पर संबंधित जिम्मेदारों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। गरीबों के अधिकारों और हितों की रक्षा करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button