1484 वनरक्षक पदों पर भर्ती प्रक्रिया तेज, 13 दिसंबर को लिखित परीक्षा
16,762 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा; वन मंत्री केदार कश्यप बोले—युवाओं के भविष्य से जुड़ी भर्ती सर्वोच्च प्राथमिकता, चयन प्रक्रिया होगी निष्पक्ष और पारदर्शी

रायपुर। छत्तीसगढ़ के हजारों युवाओं के लिए बड़ी खबर है। वन विभाग में रिक्त 1484 वनरक्षक पदों पर भर्ती प्रक्रिया ने रफ्तार पकड़ ली है। इन पदों के लिए शारीरिक मापदंड एवं शारीरिक दक्षता परीक्षा में सफल रहे 16,762 अभ्यर्थियों की लिखित परीक्षा 13 दिसंबर 2026 को आयोजित की जाएगी। लिखित परीक्षा की तारीख तय होने के साथ अभ्यर्थियों को अब तैयारी को अंतिम रूप देने के लिए स्पष्ट समयसीमा मिल गई है।
वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप के विशेष प्रयासों और भर्ती प्रक्रिया की लगातार समीक्षा के बाद लंबित मामलों का निराकरण करते हुए लिखित परीक्षा का कार्यक्रम तय किया गया है। मंत्री ने विभागीय अधिकारियों को भर्ती प्रक्रिया को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
युवाओं के परिश्रम का सम्मान : कश्यप
वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि प्रदेश के हजारों युवा लंबे समय से इस भर्ती का इंतजार कर रहे हैं और पूरी लगन से तैयारी कर रहे हैं। सरकार युवाओं के परिश्रम, सपनों और आकांक्षाओं का सम्मान करती है। प्रयास है कि भर्ती प्रक्रिया समयबद्ध ढंग से पूरी हो और योग्य युवाओं को जल्द रोजगार के साथ प्रदेश की सेवा का अवसर मिले।
उन्होंने कहा कि वनरक्षक की नौकरी केवल रोजगार का अवसर नहीं, बल्कि प्रदेश की अमूल्य वन संपदा और वन्यजीवों की सुरक्षा में भागीदारी का दायित्व भी है। चयनित युवा छत्तीसगढ़ के वनों, जैव विविधता और वन्यजीवों के प्रहरी के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
वन विभाग की मैदानी व्यवस्था को मिलेगी मजबूती
वनरक्षक वन विभाग की मैदानी व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। वनों की सुरक्षा, वन्यजीव संरक्षण, अवैध कटाई पर नियंत्रण, वन अपराधों की रोकथाम और स्थानीय समुदायों के साथ समन्वय में उनकी अहम भूमिका रहती है।
विशेषकर उन क्षेत्रों में जहां पहले नक्सल गतिविधियों का प्रभाव रहा है, शांति और विकास का दायरा बढ़ने के साथ वन प्रबंधन एवं संरक्षण गतिविधियों का भी विस्तार हो रहा है। ऐसे में 1484 नए वनरक्षकों की नियुक्ति से वन विभाग की जमीनी क्षमता मजबूत होने की उम्मीद है।
मेरिट और योग्यता के आधार पर चयन
मंत्री कश्यप ने अभ्यर्थियों को भरोसा दिलाया कि भर्ती प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी और मेरिट आधारित होगी। प्रत्येक पात्र अभ्यर्थी को समान अवसर मिले, यह सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अनियमितता के लिए कोई स्थान नहीं होगा। लिखित परीक्षा निर्धारित मानकों, सुरक्षा प्रोटोकॉल और पारदर्शी प्रक्रिया के अनुरूप आयोजित की जाएगी।
16,762 अभ्यर्थियों की निगाहें 13 दिसंबर पर
शारीरिक मापदंड और दक्षता परीक्षा पार कर चुके 16,762 अभ्यर्थी अब लिखित परीक्षा की तैयारी में जुटेंगे। 13 दिसंबर 2026 को होने वाली परीक्षा 1484 पदों पर चयन की दिशा में महत्वपूर्ण चरण होगी। भर्ती पूरी होने के बाद वन विभाग को बड़ी संख्या में नए मैदानी कर्मचारी मिलेंगे, जिससे वन संरक्षण, वन्यजीव सुरक्षा, जैव विविधता संवर्धन और वन अपराधों की रोकथाम से जुड़े कार्यों को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
मंत्री का संदेश: “युवाओं को रोजगार का अवसर और वन संपदा को मजबूत सुरक्षा—इसी संकल्प के साथ वनरक्षक भर्ती प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है।”




