भाजपा ने रमशीला नाग पर जताया भरोसा, बस्तर महिला मोर्चा की कमान सौंपी
प्रदेश उपाध्यक्ष को बनाया जिला प्रभारी, बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने और महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर रहेगा फोकस

नारायणपुर। भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक विस्तार को नई गति देने के उद्देश्य से महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष रमशीला नाग को महिला मोर्चा बस्तर जिला प्रभारी नियुक्त किया है। यह नियुक्ति भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव की सहमति से जारी की गई है।
रमशीला नाग लंबे समय से संगठन में सक्रिय रहकर महिला सशक्तिकरण, संगठन विस्तार एवं जनसंपर्क के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करती रही हैं। संगठन के प्रति उनकी निष्ठा, कार्यकुशलता और सक्रियता को देखते हुए पार्टी नेतृत्व ने उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है।
नई जिम्मेदारी मिलने पर रमशीला नाग ने प्रदेश नेतृत्व एवं महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष विभा अवस्थी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संगठन ने उन पर जो विश्वास जताया है, वह उनके लिए सम्मान के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है।
उन्होंने कहा कि बस्तर में महिला मोर्चा को बूथ स्तर तक सशक्त बनाने, महिलाओं की संगठनात्मक भागीदारी बढ़ाने तथा पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए वे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करेंगी।
रमशीला नाग ने विश्वास व्यक्त किया कि महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं के सहयोग और सामूहिक प्रयासों से बस्तर में संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी तथा महिला मोर्चा की भूमिका और अधिक प्रभावी बनेगी।




