दिल्ली में अबूझमाड़ के खिलाड़ियों का दम, नारायणपुर के तीन मार्शल आर्ट्स खिलाड़ियों ने जीते पदक
डो इंटरनेशनल चैम्पियनशिप में गोल्ड, सिल्वर और ब्रॉन्ज पर कब्जा, अब एशियन चैम्पियनशिप में दिखाएंगे हुनर

नारायणपुर। राजधानी दिल्ली के तालकटोरा इंडोर स्टेडियम में 24 से 27 जून तक आयोजित मत्सोगी-डो इंटरनेशनल चैम्पियनशिप में नारायणपुर के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन अब एशियन चैम्पियनशिप के लिए हुआ है।

प्रतियोगिता में तन्मय कतलाम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं शिवम् नांदर ने रजत पदक और युवांश कुमार साहू ने कांस्य पदक जीतकर जिले की उपलब्धियों में नया अध्याय जोड़ दिया।
विशेष बात यह रही कि तीनों खिलाड़ी पिछले तीन वर्षों से अबूझमाड़ स्थित नारायणपुर में मार्शल आर्ट्स का नियमित प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता से पहले कड़ी मेहनत और लगातार अभ्यास किया, जिसका परिणाम राष्ट्रीय स्तर पर पदक के रूप में सामने आया। अब इन खिलाड़ियों के सामने एशियन चैम्पियनशिप में देश का प्रतिनिधित्व करने का अवसर होगा।
जिला किकबॉक्सिंग संघ के पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों की इस सफलता को जिले के खेल जगत के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया। संघ के अध्यक्ष जोमोन टी.डी., कोषाध्यक्ष जगजीवन साहू, शकुंतला साहू, अभिषेक बनर्जी, रामसाय वड्डे, केंद्रीय विद्यालय के प्राचार्य, कोच बलराम पुरी तथा अंजलि कांगे ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने विश्वास जताया कि खिलाड़ी एशियन चैम्पियनशिप में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश का नाम रोशन करेंगे।




