अबूझमाड़ से उठा स्वस्थ भारत का संकल्प, मातृशक्ति ने रोपे उम्मीदों के पौधे
"महिलाओं की जागरूकता और जनभागीदारी से ही बनेगा स्वस्थ व विकसित भारत" — रमशीला नाग

कोहकामेटा में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत वृक्षारोपण, स्वास्थ्य जागरूकता और पर्यावरण संरक्षण का दिया गया संदेश
नारायणपुर। अबूझमाड़ के सुदूर वनांचल क्षेत्र कोहकामेटा से स्वस्थ और विकसित भारत का संदेश बुलंद हुआ। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा के तत्वावधान में आयोजित “एक पेड़ माँ के नाम” एवं स्वास्थ्य जागरूकता अभियान के तहत मातृशक्ति, युवा मोर्चा और ग्रामीण महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाते हुए पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ जीवनशैली का संकल्प लिया।
भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष विभा अवस्थी के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में महिलाओं ने वृक्षारोपण कर प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया, वहीं संतुलित आहार, कम तेल और कम गैस के उपयोग, स्वच्छता एवं बेहतर स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संकल्प भी दोहराया।

भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष रमशीला नाग ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 12 स्वर्णिम वर्षों में देश ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं की जागरूकता, स्वास्थ्य के प्रति सजगता और पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय सहभागिता से ही स्वस्थ, समृद्ध और विकसित भारत के सपने को साकार किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान मातृत्व, प्रकृति और आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी का प्रतीक है।

भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष संगीता जैन ने कहा कि संगठन समाज के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य, स्वच्छता और जनजागरूकता का संदेश पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।
ओरछा मंडल महिला मोर्चा अध्यक्ष एवं जिला पंचायत सदस्य शांति नेताम ने कहा कि अबूझमाड़ जैसे दूरस्थ क्षेत्रों में इस प्रकार के कार्यक्रम सामाजिक जागरूकता और महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
कार्यक्रम में दीपाली नाग, संतोषी कुमेटी, खुशबु जैन सहित महिला मोर्चा, युवा मोर्चा एवं ग्रामीण मातृशक्ति की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम का समापन पर्यावरण संरक्षण, स्वस्थ जीवनशैली और जनसेवा के संकल्प के साथ हुआ।

मातृशक्ति ने लिया संकल्प
- “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत किया वृक्षारोपण
- महिलाओं को स्वस्थ जीवनशैली और स्वच्छता के प्रति किया जागरूक
- अबूझमाड़ के दूरस्थ क्षेत्र में जनभागीदारी का दिखा उत्साह
- पर्यावरण संरक्षण और महिला सशक्तिकरण का दिया संदेश
- स्वस्थ, समृद्ध और विकसित भारत के निर्माण का लिया संकल्प

