राष्ट्रीय अंडर-20 फुटबॉल प्रतियोगिता का खिताब केरल के नाम
मिजोरम को 4-2 से हराकर दर्ज की शानदार जीत, दूसरे हाफ में दमदार वापसी

रामकृष्ण मिशन आश्रम के सिंथेटिक मैदान में खेला गया रोमांचक फाइनल मुकाबला
(कैलाश सोनी) नारायणपुर। राष्ट्रीय अंडर-20 पुरुष फुटबॉल प्रतियोगिता का रोमांचक फाइनल मुकाबला बुधवार को रामकृष्ण मिशन आश्रम के सिंथेटिक मैदान में खेला गया। केरल और मिजोरम के बीच हुए इस खिताबी मुकाबले में केरल की टीम ने शानदार वापसी करते हुए 4-2 से जीत दर्ज कर राष्ट्रीय अंडर-20 फुटबॉल प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम कर लिया।

फाइनल मैच के मुख्य अतिथि उपमुख्यमंत्री अरुण साव थे। कार्यक्रम में वन मंत्री केदार कश्यप विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि रामकृष्ण मिशन आश्रम के अध्यक्ष सर्वभूतानंद महाराज ने अध्यक्षता की। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और फुटबॉल में किक मारकर फाइनल मुकाबले का शुभारंभ किया।

मैच की शुरुआत से ही मिजोरम की टीम आक्रामक अंदाज में नजर आई। पहले हाफ में मिजोरम के खिलाड़ियों ने बेहतरीन तालमेल और तेज आक्रमण का प्रदर्शन करते हुए दो गोल दागे। पहले हाफ की समाप्ति तक मिजोरम 2-0 की मजबूत बढ़त बनाए हुए था।

हालांकि दूसरे हाफ में मुकाबले की तस्वीर पूरी तरह बदल गई। केरल की टीम ने जबरदस्त वापसी करते हुए आक्रमक खेल का प्रदर्शन किया। लगातार हमलों के बीच केरल के खिलाड़ियों ने चार शानदार गोल दागकर मैच में 4-2 की बढ़त बना ली। दूसरी ओर मिजोरम की टीम दूसरे हाफ में कोई भी गोल करने में सफल नहीं हो सकी।
मैच समाप्त होते ही मैदान में उत्साह का माहौल बन गया। खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों ने केरल टीम की जीत का जोरदार स्वागत किया। पूरे टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों ने अनुशासन, खेल भावना और उत्कृष्ट प्रदर्शन का परिचय दिया।
राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता के सफल आयोजन से नारायणपुर को खेल गतिविधियों के क्षेत्र में नई पहचान मिली है। प्रतियोगिता के माध्यम से युवाओं में फुटबॉल के प्रति उत्साह बढ़ने के साथ ही क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को भी नया मंच मिला है।




