पेड़-पौधों की देखभाल से ही सुरक्षित होगा पर्यावरण : डॉ. रत्ना नशीने
लिंगो मुदियाल कृषि महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने गांव में चलाया जागरूकता अभियान, ग्रामीणों को दिया हरित संरक्षण का संदेश

नारायणपुर। पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देने की दिशा में लिंगो मुदियाल कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र के विद्यार्थियों द्वारा ग्राम में जागरूकता अभियान चलाकर ग्रामीणों को पेड़-पौधों के संरक्षण एवं उनकी नियमित देखभाल के महत्व से अवगत कराया गया। अभियान के दौरान विद्यार्थियों ने पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में वृक्षों की भूमिका पर विस्तार से जानकारी दी।

विद्यार्थियों ने बताया कि बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और प्राकृतिक संसाधनों के अत्यधिक दोहन के कारण पर्यावरण असंतुलन तेजी से बढ़ रहा है। ऐसे समय में केवल पौधारोपण ही नहीं, बल्कि पौधों की सतत देखभाल भी बेहद जरूरी है। उन्होंने ग्रामीणों को समझाया कि पेड़-पौधे शुद्ध ऑक्सीजन प्रदान करने के साथ जल संरक्षण, भूमि की उर्वरता बनाए रखने और जैव विविधता के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
अभियान के दौरान ग्रामीणों को पौधों की सिंचाई, सुरक्षा, समय-समय पर खाद देने तथा पशुओं एवं अन्य नुकसान से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों ने कहा कि पौधारोपण तभी सार्थक होगा, जब उसकी नियमित निगरानी और संरक्षण सुनिश्चित किया जाए।
महाविद्यालय की अधिष्ठाता डॉ. रत्ना नशीने ने कहा कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण देने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को पेड़-पौधों के संरक्षण की जिम्मेदारी निभानी होगी। उन्होंने ग्रामीणों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
अभियान को ग्रामीणों ने प्रेरणादायक पहल बताते हुए सराहना की तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया।




