नारायणपुर
तेज अंधड़ और बारिश से नारायणपुर में बिजली आपूर्ति बाधित

नेलवाड़-नारायणपुर मेन लाइन पर पेड़ गिरने से ब्लैकआउट जैसी स्थिति, सुधार कार्य जारी
नारायणपुर। जिले में शनिवार शाम से जारी तेज अंधड़ और बारिश के चलते विद्युत आपूर्ति प्रभावित हो गई है। जानकारी के अनुसार नेलवाड़ विद्युत स्टेशन के पास तथा देवगांव क्षेत्र में नेलवाड़-नारायणपुर 11 केवी मेन लाइन पर दो से तीन बड़े पेड़ गिर गए, जिससे जिले में ब्लैकआउट जैसी स्थिति निर्मित हो गई।
विद्युत विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर सुधार कार्य में जुटी हुई है। अधिकारियों के मुताबिक खराब मौसम के बीच लाइन सुधार का कार्य तेजी से किया जा रहा है और लगभग दो घंटे में बिजली आपूर्ति बहाल होने की संभावना जताई गई है।
प्रशासन ने आमजन से धैर्य बनाए रखने और खराब मौसम के दौरान बिजली लाइन एवं पेड़ों से दूरी बनाए रखने की अपील की है।




