बारिश ने रोकी रफ्तार: बड़गांव में माइंस की ट्रक फंसने से नारायणपुर-ओरछा मार्ग पर लंबा जाम
एक घंटे से थमी वाहनों की आवाजाही, यात्री बस समेत दर्जनों वाहन फंसे | सीसी सड़क निर्माण और बारिश से सड़क बनी दलदल, यात्रियों को भारी परेशानी

नारायणपुर/छोटेडोंगर। लगातार हो रही बारिश के बीच नारायणपुर-ओरछा मुख्य मार्ग पर बड़गांव के पास यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। मुख्य सड़क पर एक माइंस की भारी ट्रक कीचड़ में फंस जाने से सड़क जाम हो गई, जिससे पिछले एक घंटे से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। जाम में नारायणपुर से ओरछा जा रही यात्री बस भी फंस गई, जिससे बस में सवार यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

जानकारी के अनुसार बड़गांव के मुख्य मार्ग पर निर्माणाधीन सीसी सड़क के समीप कीचड़ अधिक होने के कारण माइंस की एक भारी ट्रक सड़क के बीचोंबीच फंस गई। ट्रक के फंसते ही मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया और कुछ ही देर में दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सड़क संकरी होने के कारण अन्य वाहनों के निकलने का भी रास्ता नहीं बचा।
यात्री बस में फंसे रहे लोग, बढ़ी परेशानी
जाम के कारण नारायणपुर से ओरछा के लिए रवाना हुई यात्री बस भी बीच रास्ते में रुक गई। बस में सवार यात्रियों, महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा। कई यात्री बस से उतरकर हालात का जायजा लेते नजर आए, जबकि निजी वाहन चालक भी जाम खुलने का इंतजार करते रहे।
तीन दिन की बारिश से सड़क बनी दलदल
क्षेत्र में पिछले तीन दिनों से लगातार झमाझम बारिश हो रही है। बारिश के कारण निर्माणाधीन सड़क पर कीचड़ और फिसलन बढ़ गई है। ऐसे में भारी वाहनों की आवाजाही लगातार प्रभावित हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हल्की बारिश में भी इस मार्ग पर आवागमन मुश्किल हो जाता है और भारी वाहन अक्सर फंस जाते हैं।
12 किलोमीटर तक चल रहा है सीसी सड़क निर्माण
आमदई से पल्ली तक लगभग 12 किलोमीटर लंबाई में सीसी सड़क निर्माण का कार्य जारी है। निर्माण कार्य के चलते कई स्थानों पर सड़क उखड़ी हुई है और वैकल्पिक मार्ग की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से बारिश के दौरान स्थिति और अधिक गंभीर हो जाती है। भारी वाहनों के फंसने से पूरे मार्ग पर यातायात बाधित हो जाता है।
राहत कार्य का इंतजार
समाचार लिखे जाने तक जाम पूरी तरह नहीं खुल पाया था। सड़क पर फंसे वाहन चालकों और यात्रियों को राहत कार्य शुरू होने का इंतजार था। स्थानीय लोगों ने निर्माण एजेंसी और प्रशासन से बारिश के मौसम को देखते हुए निर्माण स्थल पर बेहतर यातायात प्रबंधन तथा कीचड़ वाले हिस्सों में तत्काल सुधारात्मक व्यवस्था करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की स्थिति से बचा जा सके।




