नारायणपुर

“हमर फिट नारायणपुर” में उमड़ा जनसैलाब, मंत्री केदार कश्यप ने किया योग और जुम्बा

माड़ मैत्री अभियान के छठवें दिन पुलिस और आमजन ने मिलकर दिया स्वस्थ समाज व विश्वास का संदेश

“विग्रह से विश्वास” की भावना को मजबूत करने नारायणपुर पुलिस की अनूठी पहल

(कैलाश सोनी ) नारायणपुर। अबूझमाड़ अंचल में पुलिस और आमजन के बीच भरोसे की नई इबारत लिख रहे “माड़ मैत्री” अभियान के तहत आयोजित “हमर फिट नारायणपुर” कार्यक्रम का छठवां दिन शनिवार को उत्साह, ऊर्जा और जनसहभागिता के साथ संपन्न हुआ। खुले मैदान में आयोजित कार्यक्रम में युवाओं, महिलाओं, बच्चों और जनप्रतिनिधियों की बड़ी भागीदारी देखने को मिली। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पुलिस और समाज के बीच आत्मीय संबंध मजबूत करने के साथ स्वस्थ एवं सकारात्मक सामाजिक वातावरण तैयार करना रहा।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ शासन के वन, जलवायु परिवर्तन, जल संसाधन, कौशल विकास एवं सहकारिता मंत्री केदार कश्यप शामिल हुए। उन्होंने आम नागरिकों, युवाओं और पुलिस अधिकारियों के साथ जुम्बा, पीटी और योग गतिविधियों में भाग लेकर स्वस्थ जीवनशैली और सामुदायिक एकता का संदेश दिया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज संघ अध्यक्ष रूपसाय सलाम, नगर पालिका अध्यक्ष इंद्र प्रसाद बघेल और भाजपा नेता संग्राम राणा भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

योग, जुम्बा और पीटी से गूंजा मैदान

पुलिस अधीक्षक रॉबिंसन गुड़िया के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने जुम्बा, पीटी और योग सत्रों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। बच्चों और युवाओं की सक्रिय भागीदारी ने पूरे वातावरण को ऊर्जा और सकारात्मकता से भर दिया। महिलाओं की उल्लेखनीय उपस्थिति भी कार्यक्रम का आकर्षण रही।

मुख्य अतिथि मंत्री केदार कश्यप ने नारायणपुर पुलिस द्वारा संचालित “माड़ मैत्री” अभियान की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में विश्वास, भाईचारे और जनसहभागिता को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि स्वस्थ समाज और सकारात्मक सोच से ही क्षेत्र विकास की दिशा में आगे बढ़ सकता है।

पुलिस और जनता के बीच बढ़ रहा भरोसा

नारायणपुर पुलिस द्वारा संचालित “माड़ मैत्री” अभियान के तहत लगातार सामाजिक और जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन आयोजनों का उद्देश्य पुलिस और ग्रामीणों के बीच दूरी कम कर आपसी विश्वास एवं आत्मीय संबंध स्थापित करना है। कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने भी “विग्रह से विश्वास” की भावना को मजबूत करने के लिए पुलिस के प्रयासों की सराहना की।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला-पुरुष, युवा, बच्चे, जनप्रतिनिधि तथा पुलिस अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़ पक्ष पर विपक्ष पर हर एक पक्ष पर निष्पक्ष बेबाक एवं धारदार पत्रकारिता के लिए संकल्पित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page