अबूझमाड़ के जंगलों में नक्सलियों का बड़ा हथियार डम्प बरामद
बीएसएफ की सर्च कार्रवाई में हथियार, गोला-बारूद और आईईडी सामग्री जब्त, तोके क्षेत्र में नक्सल नेटवर्क को बड़ा झटका

नारायणपुर। अबूझमाड़ के घने जंगलों में सुरक्षा बलों को नक्सल विरोधी अभियान के तहत बड़ी सफलता मिली है। जिले के तोके क्षेत्र में बीएसएफ जवानों ने सर्च ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखा गया भारी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद और आईईडी सामग्री बरामद की है। कार्रवाई के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने इसे नक्सल नेटवर्क के लिए बड़ा झटका बताया है।

जानकारी के अनुसार पुलिस बेस कैंप तोके से निकली बीएसएफ टीम ने जंगल क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान जवानों को जंगल में छिपाकर रखा गया हथियारों और विस्फोटक सामग्री का बड़ा डम्प मिला। बरामद सामग्री में .315 राइफल, 12 बोर राइफलें, बैरल ग्रेनेड लॉन्चर तथा जिंदा कारतूस शामिल हैं।

इसके अलावा जवानों ने आईईडी बनाने में उपयोग होने वाली विस्फोटक सामग्री, डेटोनेटर, ट्रिगर मैकेनिज्म, संचार उपकरण और नक्सलियों के दैनिक उपयोग की अन्य सामग्री भी जब्त की है। सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार यह सामग्री नक्सली गतिविधियों और सुरक्षाबलों को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से जंगलों में छिपाकर रखी गई थी।

अधिकारियों का कहना है कि तोके का जंगल लंबे समय तक नक्सलियों का सुरक्षित ठिकाना माना जाता रहा है, लेकिन लगातार चलाए जा रहे सुरक्षा अभियानों से नक्सली नेटवर्क कमजोर होता दिखाई दे रहा है। बीएसएफ और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई से अबूझमाड़ क्षेत्र में नक्सल गतिविधियों पर लगातार दबाव बढ़ रहा है।
सुरक्षा बलों ने क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन और निगरानी को और तेज कर दिया है, ताकि नक्सलियों की गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।




